ब्रह्म बाबा धाम में हरिहरात्मक यज्ञ व प्राण-प्रतिष्ठा का भव्य शुभारंभ, भक्ति-रस में डूबा पूरा गांव

SHARE:

ब्रह्म बाबा धाम में हरिहरात्मक यज्ञ व प्राण-प्रतिष्ठा का भव्य शुभारंभ, भक्ति-रस में डूबा पूरा गांव

संवाददाता बरदह विनय विश्वकर्मा (आजमगढ़ न्यूज़)

बरदह स्थित प्रसिद्ध ब्रह्म बाबा स्थान पर हरिहरात्मक यज्ञ एवं मां दुर्गा जी की मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम का भव्य और दिव्य शुभारंभ हुआ। शुभारंभ के अवसर पर भगवान की प्रतिमा को पूरे गांव में श्रद्धा व आस्था के साथ शोभायात्रा के रूप में भ्रमण कराया गया। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में महिलाएं व पुरुष भक्ति भजन गाते हुए शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिरस से सराबोर हो गया।
जैसे ही शोभायात्रा ब्रह्म बाबा स्थान पहुंची, “मां दुर्गा की जय” और “ब्रह्म बाबा की जय” के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। फूलों से भव्य रूप से सजे ब्रह्म स्थान मंदिर एवं यज्ञ मंडप की परिक्रमा श्रद्धालुओं द्वारा की गई। चारों ओर भक्ति-रस की अविरल धारा बहती नजर आई और पूरा गांव आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत दिखाई दिया।
यह धार्मिक अनुष्ठान 2 फरवरी से 6 फरवरी तक चलेगा, जबकि 7 फरवरी को विशाल महा भंडारे के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में श्रद्धा, उल्लास और भक्ति का वातावरण बना हुआ है।
कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस प्रशासन द्वारा पूरे आयोजन पर सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Comment