

*मार्टिनगंज तहसील दिवस में जमीन संबंधी मामलों की भरमार, 92 शिकायतें पहुंचीं*
।मार्टिनगंज (आजमगढ़)। संपूर्ण समाधान दिवस (तहसील दिवस) का आयोजन शनिवार को मार्टिनगंज तहसील सभागार में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, एसडीएम अविनाश कुमार गौतम, तहसीलदार अंजू यादव, सीओ फूलपुर किरण कुमार पाल, एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।तहसील दिवस में सबसे अधिक शिकायतें भूमि एवं राजस्व संबंधी रहीं। कुल 92 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 62 राजस्व विभाग, 13 पुलिस विभाग, 9 विकास विभाग तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें शामिल थीं। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए।एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि तहसील दिवस में अधिकांश मामले पुराने एवं जमीन विवाद से जुड़े हुए थे, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना थी, लेकिन विशेष कारणवश वे तहसील दिवस में नहीं पहुंच सके। अधिकारियों से इसके संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी अन्य आवश्यक सरकारी कार्य में व्यस्त होने के कारण उपस्थित नहीं हो सके। जिलाधिकारी के इंतजार में कई फरियादी काफी देर तक बैठे रहे, जिससे कुछ लोगों में निराशा भी देखने को मिली।
तहसील दिवस में मौजूद अधिकारियों ने सभी विभागों को जनसमस्याओं के समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए तथा शिकायतकर्ताओं को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।





