जौनपुर : दूल्हा हत्याकांड के मुख्य आरोपी पर चला बुलडोजर, सरकारी जमीन से हटाया गया अवैध निर्माण #AZAMGARHNEWS

SHARE:

जौनपुर (सूत्र)। चर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के मुख्य आरोपी भोला राजभर के खिलाफ गुरुवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर बने कथित अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम पूरे समय मौके पर मौजूद रही, जबकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार ग्राम लपरी, परगना अंगुली, तहसील शाहगंज स्थित गाटा संख्या 841 की सरकारी ऊसर भूमि के एक हिस्से पर लंबे समय से अवैध कब्जा कर पक्का मकान, बाउंड्रीवाल समेत अन्य निर्माण किए जाने की शिकायत मिली थी। मामले की जांच, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों के परीक्षण के बाद अवैध कब्जा हटाने का आदेश जारी किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि संबंधित पक्ष को नियमानुसार नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर भी दिया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि में कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई। इसके बाद उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा 67 के तहत पारित आदेश का अनुपालन कराते हुए अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई अमल में लाई गई।

प्रशासन ने आरोपी को सरकारी भूमि से बेदखल करने के साथ 39,600 रुपये की क्षतिपूर्ति तथा 10 रुपये निष्पादन व्यय जमा कराने का भी निर्देश दिया है।

गौरतलब है कि दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के बाद जिले में आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कठोर कदम उठाए जाते रहेंगे।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment