देर शाम बरदह नहर के पास भीषण दुर्घटना ! रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार अज्ञात वाहनों ने छीन ली चौकी गांव निवासी दो युवकों की जिंदगियां, पीछे छोड़ गए बिलखते परिवार

SHARE:

संदीप विश्वकर्मा

बरदह (आजमगढ़)। जौनपुर–आजमगढ़ नेशनल हाईवे-128ए पर रविवार की रात दो परिवारों के लिए काल बनकर आई। चौकी गांव के दो लोग बाइक से घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए भीषण सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। ब्रह्म बाबा मंदिर के सामने नहर के समीप रात करीब 8 बजे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आई दूसरी अज्ञात कार दोनों को कुचलते हुए निकल गई (स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार)। हादसे में दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों की पहचान चौकी गांव निवासी नगेन्द्र उर्फ निठुरी (48), पुत्र पुरुषोत्तम, और प्रदीप गौड़ उर्फ पिंटू (38), पुत्र स्व. हरिलाल गौड़, के रूप में हुई है। बताया गया कि नगेन्द्र पेंटिंग का काम प्रदीप के घर कर रहे थे। देर शाम काम के दौरान पेंट कम पड़ने पर दोनों बाइक से बरदह बाजार गए थे। बाजार से वापस लौटते समय रॉन्ग साइड से आए तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और तभी दूसरी अज्ञात कार उन्हें कुचलते हुए निकल गई(उक्त जानकारी स्थानीय लोगों के अनुसार मिली).

हादसे की सूचना मिलते ही बरदह पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो मौतों की खबर से गांव और परिवारों में चीख-पुकार मच गई।गांव के सैकड़ों लोग अस्पताल पर इकट्ठा हो गए

दोनों मृतक अपने पीछे परिवार और बच्चों को छोड़ गए हैं। नगेन्द्र के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं, वहीं प्रदीप की पत्नी सोनी और तीन बच्चे अब उनके बिना जीवन बिताने को मजबूर हो गए। प्रदीप का परिवार भिवंडी में सब्जी बेचकर गुजर-बसर करता था। दो परिवारों की खुशियां एक झटके में उजड़ गईं। ग्रामीणों ने अज्ञात वाहन चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि, वर्तमान समय में किसी भी वाहन को पकड़ना काफी आसान हो गया है ऐसे में उक्त अज्ञात वाहन की पहचान होना आवश्यक है।

 

सुरक्षा इंतजामों की कमी कब बनेगी जिम्मेदारों की जवाबदेही?

 

हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों के बीच सड़क सुरक्षा के इंतजाम भी सवालों के घेरे में हैं। जिवली, बरदह, चौकी, भीरा, राजेपुर और जिवली बाईपास समेत कई स्थानों पर रिफ्लेक्टर नदारद हैं, वहीं सड़क पर बनी सफेद पट्टियां भी मिट चुकी हैं। रात के समय इन कमियों के चलते वाहन चालकों को सड़क की स्थिति समझने में परेशानी होती है।

 

आखिर हादसों के बाद ही सुरक्षा इंतजामों की सुध क्यों ली जाती है?

सड़क सुरक्षा के जिम्मेदार विभाग समय रहते रिफ्लेक्टर, संकेतक और सफेद पट्टियां दुरुस्त क्यों नहीं कराते?  अब सवाल केवल हादसे का नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार विभागों की जवाबदेही का भी होना चाहिए क्योंकि सड़क सुरक्षा अपनी मानको को पूरा नहीं कर रहा है

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई