जौनपुर : गैस पाइपलाइन के लिए खोदी सड़क, डीएम ने लगाई फटकार, जल्द दुरुस्त होगी वाजिदपुर की इंटरलॉकिंग

SHARE:

गैस पाइपलाइन के लिए खोदी सड़क, डीएम ने लगाई फटकार—जल्द दुरुस्त होगी वाजिदपुर की इंटरलॉकिं

जौनपुर। वाजिदपुर दक्षिणी में क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग सड़क और नाली का जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। वाजिदपुर तिराहे के पास सेंट थॉमस कोचिंग के सामने से आशा दीप इलेक्ट्रॉनिक्स होते हुए अवधेश श्रीवास्तव के मकान तक बने मार्ग की हालत देखकर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सामने आया कि डूडा विभाग ने करीब छह से आठ माह पहले इंटरलॉकिंग सड़क और नाली का निर्माण कराया था। बाद में अदाणी गैस प्राइवेट लिमिटेड की गैस पाइपलाइन से संबंधित कार्य के दौरान सड़क और नाली के कई हिस्सों को खोद दिया गया, जिससे नव निर्मित मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया।

बताया गया कि पाइपलाइन संबंधी कार्य डूडा विभाग से एनओसी लिए बिना किया गया। सड़क और नाली को नुकसान पहुंचाने के मामले में डूडा की ओर से अदाणी गैस प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जा चुकी है।

मौके का जायजा लेने के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग की शीघ्र मरम्मत कराकर सड़क को दोबारा पूर्व स्थिति में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी संस्था, कंपनी या एजेंसी द्वारा सरकारी अथवा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

डीएम के इस निरीक्षण के बाद अब देखना होगा कि क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कितनी जल्दी पूरी होती है और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाली एजेंसी से क्षतिपूर्ति की कार्रवाई किस स्तर तक पहुंचती है।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment