जौनपुर : बीआरपी मैदान में 21 से 29 अक्टूबर तक यानी नौ दिन गूंजेगा श्रीराम कथा का अमृत स्वर, 20 को निकलेगी भव्य कलश यात्रा

SHARE:

ए के तिवारी

जौनपुर। धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के महापर्व के रूप में नौ दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य आयोजन जौनपुर में होने जा रहा है। 21 से 29 अक्टूबर तक बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित होने वाली श्रीराम कथा को लेकर तैयारियां अब अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। आयोजन को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने के लिए रविवार को उत्सव मोटल के बैंक्वेट हॉल में समन्वय बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।

सेवा भारती के बैनर तले होने वाले इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत 20 अक्टूबर को भव्य कलश एवं शोभायात्रा से होगी। बैठक में कलश यात्रा के मार्ग, श्रद्धालुओं को कलश वितरण, यात्रा में एकरूपता, परिधान, आकर्षक झांकियों के साथ ही सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। आयोजन समिति ने स्पष्ट किया कि कलश यात्रा में श्रद्धा के साथ भारतीय संस्कृति और संस्कारों की मनोहारी झलक दिखाई देगी।

श्रद्धा, संस्कार और संस्कृति का दिखेगा संगम

कलश एवं शोभायात्रा को लेकर तैयारियों में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि पूरी यात्रा अनुशासन और गरिमा के साथ संपन्न हो। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां भी तय की गईं। यात्रा को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए झांकियों तथा अन्य धार्मिक प्रस्तुतियों को भी शामिल किया जाएगा।

श्रीराम कथा के मुख्य आयोजक ज्ञानप्रकाश सिंह ने कहा कि कलश यात्रा को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने के लिए तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक और समन्वित प्रयास से श्रीराम कथा को दिव्य और भव्य स्वरूप देने का संकल्प लिया गया है।

उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जनपदवासियों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक चेतना का माध्यम बनेगी। कथा के माध्यम से लोगों को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सेवा, त्याग और संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

श्रीराम कथा के आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं के साथ ही विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। समन्वय बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव दिए और सौंपे गए दायित्वों को पूरी जिम्मेदारी से निभाने का संकल्प लिया।

बैठक की अध्यक्षता मुरली पाल, प्रान्त कार्यवाह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, काशी प्रान्त ने की। इस अवसर पर अंगराज सिंह, डॉ. तेज सिंह, अनिल गुप्ता, प्रेमचन्द्र शुक्ल, ब्रम्हेश शुक्ल, डॉ. उदयराज सिंह, पप्पू माली, निखिलेश सिंह, अरविन्द सिंह, डॉ. मधुकर तिवारी, मनोज दूबे, डॉ. अरुण सिंह, जयेश सिंह, शशांक सिंह ‘रानू’, बबलू दूबे, शरद पाठक ‘मिंटू’, रमेश सिंह ‘रामा’, मयंक नारायण, जेपी श्रीवास्तव, अतुल सिंह, दीपक सिंह, सुनील सिंह, नारायण चौरसिया, प्रदीप सिंह ‘रिंकू’, रिशू सिंह, हर्ष सिंह, विमला श्रीवास्तव, अंजू पाठक, उर्वशी सिंह, प्रीति गुप्ता, अंजना श्रीवास्तव, अंजना सिंह, रजनी साहू, मिलन श्रीवास्तव, मीरा अग्रहरी, सोनी जायसवाल, शशि मौर्या, करुणा मौर्या, अर्चना सिंह, रेखा त्रिपाठी, किरन सिंह, सुचिता सिंह, नेहा सिंह, सारिका सोनी, सुषमा श्रीवास्तव, प्रांजल पटेल, पूनम पटेल, निशि सोनकर, सरला त्रिपाठी, अनीता त्रिपाठी, सुमन सिंह, रूपम शुक्ला सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।

20 अक्टूबर को निकलेगी कलश यात्रा, 21 से कथा का शुभारंभ

श्रीराम कथा से एक दिन पूर्व 20 अक्टूबर को भव्य कलश एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 21 से 29 अक्टूबर तक बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान में नौ दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन होगा। आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन जौनपुर में भक्ति, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का एक महत्वपूर्ण अध्याय बनेगा।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment