टाउन हॉल से रुहट्टा स्थित चित्रगुप्त मंदिर तक निकलेगी शोभायात्रा, डॉ. इन्द्रसेन श्रीवास्तव होंगे मुख्य अतिथि; पत्रकारों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों और साहित्यकारों से विशेष अपील
ए के तिवारी
जौनपुर। भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की आराधना, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का संदेश लेकर जौनपुर में 10 नवंबर 2026, मंगलवार को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। महासभा पदाधिकारियों ने समाज के लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

आयोजन की जानकारी देते हुए महासभा के जिलाध्यक्ष नीलमणि श्रीवास्तव और शोभायात्रा संयोजक अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया कि कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कायस्थ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इन्द्रसेन श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शोभायात्रा दोपहर तीन बजे टाउन हॉल नगर पालिका परिषद से प्रारंभ होगी। यहां से यात्रा कोतवाली, चहारसू और ओलंदगंज होते हुए रुहट्टा स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर पहुंचेगी। मंदिर परिसर में शोभायात्रा का समापन किया जाएगा। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद एवं भंडारे की व्यवस्था रहेगी।
कलम के सिपाहियों से खास अपील
शोभायात्रा संयोजक अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने पत्रकारों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों, साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों और लेखन-पठन से जुड़े सभी लोगों से विशेष रूप से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज को लेखनी, ज्ञान और विद्या का अधिष्ठाता माना जाता है। ऐसे में कलम और ज्ञान से जुड़े लोगों के लिए यह आयोजन विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व रखता है। उन्होंने सभी से शोभायात्रा में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया।

एकता और भाईचारे का संदेश देगा आयोजन
महासभा के जिलाध्यक्ष नीलमणि श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने और आपसी सद्भाव को मजबूत बनाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने समाज के सभी लोगों से आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर एकजुटता के साथ शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की।

आयोजकों के मुताबिक, इस आयोजन का उद्देश्य भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज के प्रति श्रद्धा और आस्था प्रकट करने के साथ समाज में एकता, सहयोग और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना है। अब सभी की निगाहें 10 नवंबर को होने वाले इस आयोजन पर टिकी हैं, जिसमें श्रद्धालुओं और समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता की अपेक्षा की जा रही है।




