आजमगढ़ : 50 मुकदमों वाला गैंग लीडर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, चोरी के सामान का बड़ा जखीरा बरामद!

SHARE:

आजमगढ़ में तरवां पुलिस ने अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार; करीब 20 लाख रुपये का सामान बरामद

 

संदीप विश्वकर्मा (संपादक : आज़मगढ़ न्यूज)

आजमगढ़। जिले की तरवां पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई में गिरोह के सदस्यों से चोरी की कई घटनाओं का खुलासा हुआ है, वहीं गैंग लीडर सुनील कुमार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के प्रथम चरण में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर आजमगढ़, जौनपुर एवं गाजीपुर जनपदों में गिरोह द्वारा की गई चोरी की कई वारदातों से जुड़े सामान की बरामदगी हुई। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के सरगना सुनील कुमार को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार गैंग लीडर के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस, 53 हजार रुपये नकद तथा चोरी की अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस की ओर से अभियुक्तों की निशानदेही पर करीब 20 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान भी बरामद किए जाने का दावा किया गया है।

बरामद सामान में चार मोटरसाइकिल, चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की गई डस्टर कार, पेंट के 42 डिब्बे, मोबिल ऑयल के 84 डिब्बे, 15 टायर, लैपटॉप, प्रिंटर, इन्वर्टर, बैटरी समेत अन्य सामान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गैंग लीडर सुनील कुमार के विरुद्ध आजमगढ़ एवं जौनपुर में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 50 मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के एक अन्य सदस्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयासरत है।

तरवां पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरजनपदीय चोरी गिरोह के विरुद्ध बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई