खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने खिलाड़ियों को दी बधाई, बोले– प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मिलेगा सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता का अवसर

ए के तिवारी
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की कबड्डी टीम ने पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालयीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। चार दिवसीय प्रतियोगिता के समापन पर विश्वविद्यालय की जीत से परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। टीम ने अपने तीनों मुकाबलों में जीत दर्ज कर कुल 6 अंक हासिल किए और प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रही।

चैंपियन बनने की राह में पूर्वांचल विश्वविद्यालय की टीम ने एल.एम.एम. विश्वविद्यालय, दरभंगा को 23–21 से शिकस्त दी। दूसरे मुकाबले में एम.एस.डी. विश्वविद्यालय, आजमगढ़ को 34–25 से हराया, जबकि तीसरे मैच में केआईआईटी विश्वविद्यालय, भुवनेश्वर को 30–23 अंकों से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में केआईआईटी विश्वविद्यालय दूसरे, एल.एम.एम. विश्वविद्यालय दरभंगा तीसरे और एम.एस.डी. विश्वविद्यालय आजमगढ़ चौथे स्थान पर रहा।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में खेल मैदानों का विकास और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नई खेल नीति के तहत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता तथा सरकारी नौकरी के अवसर देने की दिशा में पहल की गई है।

खेल मंत्री ने कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह के खेलों को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वविद्यालय से खिलाड़ियों को ओलंपिक और पैरा ओलंपिक स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर जोर दिया। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रख खेलों को स्वस्थ जीवनशैली का माध्यम बनाने का आह्वान किया।

अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय की यह उपलब्धि केवल जीत नहीं, बल्कि खेल भावना, अनुशासन और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा, नवाचार और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर संस्थान का गौरव बढ़ाएं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में विश्वविद्यालय के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करेंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत खेल परिषद अध्यक्ष प्रो. सुधाकर सिंह के स्वागत भाषण से हुई। ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी पर्यवेक्षक नरेश कुमार ने प्रतियोगिता के आयोजन और निर्णायक व्यवस्था की सराहना की। खेलकूद परिषद के सचिव प्रो. शेखर सिंह ने प्रतियोगिता का विवरण प्रस्तुत किया। अवकाश प्राप्त भारतीय वायुसेना कमांडर राजेश कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।

समापन समारोह में कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, वित्त अधिकारी विनोद कुमार सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। संचालन डॉ. राजेश सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन छात्र अधिष्ठाता प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने प्रस्तुत किया।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय की इस जीत ने एक बार फिर विश्वविद्यालय के खेल कौशल और टीम भावना को प्रतियोगिता के मंच पर मजबूती से स्थापित किया।



