संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, पिता ने जताई हत्या की आशंका; दो आरोपियों पर मुकदमा दर्ज।

SHARE:

संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, पिता ने जताई हत्या की आशंका; दो आरोपियों पर मुकदमा दर्ज।

लालगंज (आजमगढ़) पवई थाना क्षेत्र के नरवारी गांव निवासी 36 वर्षीय रविंद्र बिंद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से क्षेत्र में हलचल मच गई। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद पिता रुदल बिंद ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतक के पिता रुदल बिंद के अनुसार, 22 नवंबर की सुबह ग्राम प्रधान विजय निषाद ने फोन कर रविंद्र की मौत की सूचना दी। उन्हें बताया गया कि रविंद्र के सिर में चोट लगी है और उसकी मौत हो गई है। पिता का आरोप है कि इससे पहले उन्हें बेटे को हार्ट अटैक आने की जानकारी दी गई थी। बाद में सिर में चोट लगने की बात सामने आई। सूचना में इस विरोधाभास को देखते हुए उन्होंने हरिमोहन निवासी दियामपट्टी, थाना शाहगंज, जनपद जौनपुर के खिलाफ हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। बताया जाता है कि रविंद्र पिछले करीब दस वर्षों से लखनऊ में रहकर बैटरी वाहनों की बिक्री और ई-रिक्शा कारोबार करता था। इस कारोबार में गांव के प्रधान विजय निषाद और हरिमोहन भी साझेदार बताए जा रहे हैं। तीनों के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चलने की बात भी सामने आई है। वहीं, रविंद्र के खिलाफ सरायमीर थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज था और वह गैंगस्टर एक्ट में भी अभियुक्त था। उसकी मौत को लेकर पुलिस अभिरक्षा में तबीयत बिगड़ने की चर्चा भी सामने आई है, हालांकि मौत की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं और इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मृतक दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है। पोस्ट मार्टम के बाद परिजन देर रात तक शव का अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार नहीं हुए। स्थिति को देखते हुए मौके पर सीओ फूलपुर भूपेश कुमार पांडेय, पवई थाना प्रभारी सच्चिदानंद यादव और फूलपुर थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार सहित कई थानों की पुलिस तैनात रही। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने बताया कि पवई थाना क्षेत्र के नरवारी गांव में रविंद्र की मृत्यु के मामले में परिजनों की तहरीर पर दो आरोपियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में निष्पक्ष विवेचना और अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई