राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय एलवल के औचक निरीक्षण में जिलाधिकारी सख्त

SHARE:

राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय एलवल के औचक निरीक्षण में जिलाधिकारी सख्त

सीलनयुक्त फर्श पर रखी दवाओं पर जताई नाराजगी, 03 दिन में स्टॉक व्यवस्थित करने के निर्देश

बन्द एवं अक्रियाशील कक्षों को जनहित में शीघ्र संचालित करने के दिए निर्देश

आजमगढ़ 13 मई 2026/
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, एलवल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सकीय सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा चिकित्सालय परिसर का भ्रमण करते हुए केन्द्रीय औषधि स्टोर रूम, ओपीडी कक्ष, औषधि वितरण कक्ष, योग अभ्यास हाल, शौचालय सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी कक्ष में उपस्थित मरीजों का हालचाल जाना तथा चिकित्सालय में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मौके पर उपस्थित मेडिकल ऑफिसर आयुर्वेदिक डॉ. मोनिका अग्रवाल ने चिकित्सालय की व्यवस्थाओं एवं जनपद में संचालित आयुष संस्थानों की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में आयुर्वेद के 49 तथा यूनानी के 11 चिकित्सालय संचालित हैं, जिनमें दवाओं की उपलब्धता केन्द्रीय औषधि स्टोर के माध्यम से सुनिश्चित कराई जाती है।

केन्द्रीय औषधि स्टोर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि आयुर्वेदिक दवाओं के पाउडर पैकेट सीलनयुक्त फर्श पर रखे होने के कारण प्रभावित हो रहे हैं। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए औषधि वितरण प्रभारी को निर्देशित किया कि 03 दिन के भीतर समस्त दवा स्टॉक को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से रखकर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करें। साथ ही जिलाधिकारी ने स्टोर में उपलब्ध आयुर्वेदिक एवं यूनानी दवाओं की एक्सपायरी डेट भी जांची, जो सही पाई गई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सालय परिसर में ताला बंद सभी कक्षों को खुलवाकर निरीक्षण किया। कुछ कक्ष अव्यवस्थित एवं अक्रियाशील पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी कक्षों को सुचारू रूप से संचालित कर जनहित में स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाया जाए।
जिलाधिकारी ने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशानुरूप चिकित्सालय में आने वाले प्रत्येक मरीज का समुचित देखभाल करते हुए उपलब्ध दवाओं का निःशुल्क वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा आयुष चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाया जाए।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment