ए के तिवारी
जौनपुर। जिले के मिसिरपुर पानदरीबा गांव के होनहार युवक उत्कर्ष कुमार नाग ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिसने पूरे जिले को गौरवान्वित कर दिया है।

उत्कर्ष का चयन भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत प्रतिष्ठित संस्था BHEL (भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड) में प्रोवेशन इंजीनियर (इलेक्ट्रॉनिक्स) पद पर हुआ है। यह सफलता अपने आप में बड़ी उपलब्धि है, लेकिन खास बात यह है कि उन्होंने इसके साथ ही GATE 2026 की कठिन परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 101 प्राप्त कर दोहरी सफलता हासिल की है।उत्कर्ष, नगर पालिका परिषद जौनपुर में कार्यरत वरिष्ठ लिपिक मनोज कुमार चौरसिया एवं माता शकुन्तला नाग के सुपुत्र हैं। साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने यह साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।बताया जा रहा है कि BHEL की कठिन चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा के बाद हुए साक्षात्कार में पूरे देश से केवल 336 प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जिसमें उत्कर्ष ने अपनी जगह बनाकर जौनपुर का नाम रोशन किया।
उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। गांव से लेकर शहर तक लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं। युवाओं के लिए उत्कर्ष आज एक ऐसी प्रेरणा बन गए हैं, जो यह सिखाती है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से हर सपना सच किया जा सकता है।






