

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पोटरिया गांव में सोमवार रात हुई चोरी की बड़ी वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोरों ने एक मकान की खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया और लाखों रुपये के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोरी गए सामान की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राममिलन विश्वकर्मा के परिवार के अधिकांश सदस्य रात में घर की छत पर सो रहे थे, जबकि परिवार के बुजुर्ग सदस्य घर के बाहर आराम कर रहे थे। इसी दौरान देर रात चोर पीछे की ओर लगी खिड़की तोड़कर अंदर घुस गए।
बताया जा रहा है कि चोर घर में रखी भारी गोदरेज अलमारी को ही उठाकर ले गए। बाद में गांव से कुछ दूरी पर स्थित खेत में अलमारी टूटी हालत में मिली। आशंका है कि बदमाश वहीं अलमारी तोड़कर उसमें रखे जेवर और नकदी निकालकर फरार हो गए।
परिवार के अनुसार, चोरी में सोने-चांदी के कई कीमती आभूषण और करीब 60 हजार रुपये नकद गायब हैं। पीड़ितों ने बताया कि गहने शादी-विवाह और वर्षों की बचत से जुटाए गए थे, जिसके चले जाने से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
मंगलवार सुबह घटना की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।





