

अपनी ही जमीन पर कब्जे के लिए दर-दर भटक रहा मंदिर पुजारी, पुलिस पर रिश्वत मांगने का आरोप
रिपोर्ट अबुल कैश
आजमगढ़। तहबरपुर थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी मंदिर पुजारी शीतला दास ने पुलिस चौकी इंचार्ज और एक सिपाही पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी व सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। पुजारी का आरोप है कि अपनी ही भूमिधरी जमीन पर कब्जा दिलाने के बजाय पुलिसकर्मी उनसे रिश्वत मांग रहे हैं तथा प्रतिकूल रिपोर्ट लगाने की धमकी दे रहे हैं । प्राप्त जानकारी के अनुसार सेमरी गांव निवासी शीतला दास की गाटा संख्या 193 स्थित भूमि पर वर्षों से घुमान जी की मूर्ति स्थापित है, जहां नियमित पूजा-पाठ होता है। पुजारी के अनुसार वर्ष 2020 में उन्होंने जमीन के एक हिस्से को गांव के ही एक व्यक्ति को मिठाई की दुकान चलाने के लिए किराये पर दिया था। कुछ समय बाद किराया देना बंद कर दिया गया और जमीन खाली करने को लेकर विवाद शुरू हो गया । विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के खिलाफ कई बार शांति भंग की कार्रवाई भी हुई। पुजारी का आरोप है कि लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर उन्होंने उपजिलाधिकारी न्यायालय में धारा 164 BNSS के तहत वाद दायर किया था। जांच के दौरान चौकी इंचार्ज और एक सिपाही द्वारा अनुकूल रिपोर्ट लगाने के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप है कि रुपये न देने पर शांति भंग में चालान कराने और गलत रिपोर्ट लगाने की धमकी भी दी गई । शिकायती पत्र में पुजारी ने आरोप लगाया कि किसी तरह 5 हजार रुपये देने के बावजूद उनके खिलाफ प्रतिकूल रिपोर्ट भेज दी गई। साथ ही एक असंबंधित दीवानी मुकदमे का हवाला देकर उन्हें परेशान किया जा रहा है, जबकि उक्त मुकदमे का संबंधित भूमि से कोई संबंध नहीं है । पुजारी शीतला दास ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा उनकी जमीन से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की है । मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह कानून व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।





