विभूतियों की धरा निजामाबाद बने “मॉडल हेरिटेज टाउन” के रूप हो विकसित: अरूण मिश्र लालू

SHARE:

विभूतियों की धरा निजामाबाद बने “मॉडल हेरिटेज टाउन” के रूप हो विकसित: अरूण मिश्र लालू
अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन का दूसरा दिन, संगठनों और क्षेत्रवासियों ने दिया समर्थन, हस्ताक्षर करके अभियान को दी धार
आजमगढ़। क्षेत्र की वर्षों पुरानी जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों की मांग को लेकर समाजसेवी अरुण कुमार मिश्रा उर्फ़ लालू मिश्रा द्वारा शेरपुर तिराहा स्थित अंबेडकर पार्क में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। दूसरे दिन आंदोलन को पहले से अधिक जनसमर्थन प्राप्त हुआ।
विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने धरनास्थल पर पहुंचकर हस्ताक्षर अभियान का हिस्सा बनें और आंदोलन को समर्थन दिया। उपस्थित लोगों ने क्षेत्र के विकास, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए चल रहे इस आंदोलन को समय की आवश्यकता बताते हुए अपनी एकजुटता प्रदर्शित की।
धरने के संयोजक अरुण कुमार मिश्रा उर्फ़ लालू मिश्रा ने कहा कि निजामाबाद विभूतियों, साहित्य, संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों की नगरी है। यहां की पहचान केवल एक कस्बे तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूर्वांचल की सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसके बावजूद आज भी यह क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से दूर है। उन्होंने मांग की कि निजामाबाद को “मॉडल हेरिटेज टाउन” के रूप में विकसित किया जाए, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिले, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित हों और क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान को नई ऊंचाई मिल सके।
उन्होंने मांग की कि भदुली-निजामाबाद मार्ग का चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण, रानी की सराय-निजामाबाद मार्ग का सुदृढ़ीकरण, मां शीतला धाम मार्ग का निर्माण एवं प्रकाश व्यवस्था, तथा गुरुद्वारा साहिब मार्ग के निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए ताकि आवागमन सुगम हो सके और धार्मिक व पर्यटन स्थलों तक पहुंच बेहतर हो। उन्होंने यह भी कहा कि विश्व प्रसिद्ध निजामाबाद ब्लैक पॉटरी यहां की पहचान है, लेकिन आज भी कारीगरों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए स्थायी व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। सरकार को चाहिए कि ब्लैक पॉटरी कारीगरों के लिए स्थायी विपणन केंद्र एवं दुकानें स्थापित करे, जिससे स्थानीय कारीगरों को रोजगार और उनकी कला को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।
तहसील परिसर में आरओ आधारित शीतल पेयजल संयंत्र, नगर क्षेत्र में सामुदायिक शौचालय एवं यूरिनल, तथा गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके साथ ही क्षेत्र की ऐतिहासिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए विशेष समिति का गठन किया जाए तथा महान साहित्यकार अयोध्या सिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ की प्रतिमा स्थापित कर नई पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित कराया जाए।
धरनास्थल पर उपस्थित लोगों ने एक स्वर में क्षेत्र के विकास से जुड़ी सभी मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। दूसरे दिन मिले व्यापक जनसमर्थन से आंदोलन को नई ऊर्जा मिली है और आने वाले दिनों में इसके और अधिक व्यापक होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। इस अवसर पर प्रयास सामाजिक संगठन से राणा बलवीर सिंह, आलोक सिंह एवं सुनील यादव ने धरनास्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। वहीं गरीब अधिकार मंच के प्रतिनिधियों के साथ चरण सिंह यादव, हरिओम उपाध्याय, राजन यादव, अरुण कुमार यादव तथा गौसपुर के प्रधान शिवानंद यादव सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment