विकास भवन सभागार में हुई समीक्षा बैठक, लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण पर जोर
जौनपुर, 25 अगस्त। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की रफ्तार बढ़ाने के लिए मंगलवार को विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में योजना की अगस्त माह की प्रगति और निर्धारित लक्ष्य को लेकर अधिकारियों ने बैंक प्रतिनिधियों के साथ मंथन किया।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि अगस्त के बचे हुए कार्य दिवसों का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए जनपद के निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करना होगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर लंबित प्रकरणों की निगरानी और त्वरित निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में शून्य प्रगति वाली बैंक शाखाएं विशेष निशाने पर रहीं। बैंकर्स को निर्देशित किया गया कि वे अपनी-अपनी शाखाओं की प्रगति की नियमित और गहन समीक्षा करें। जिन शाखाओं में योजना के तहत अब तक अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, वहां लंबित मामलों की अलग से समीक्षा कर उन्हें जल्द निस्तारित कराया जाए।

अग्रणी जिला प्रबंधक, यूबीआई, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में अधिकारियों ने योजना की प्रगति को लेकर गंभीरता बरतने को कहा। साफ संदेश दिया गया कि योजना के पात्र युवाओं के प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहें और बैंक स्तर पर तेजी से कार्रवाई हो। अब अगस्त के शेष कार्य दिवसों में बैंक शाखाओं की वास्तविक प्रगति पर निगाह रहेगी। शून्य से चल रही शाखाओं के प्रदर्शन में सुधार और जिले के लक्ष्य की शत-प्रतिशत उपलब्धि को बैठक में प्राथमिकता दी गई।





