फतेहगंज में आधी रात मौत का तांडव! दो बाइकों की भीषण भिड़ंत में दो युवकों की मौत, तीसरा गंभीर
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के फतेहगंज बाजार में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार हादसे में अजीत यादव (20) और ऑफिर (19) की मौत हुई है। वहीं रंजीत राव (21) गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।घायल रंजीत राव को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल रेफर किए जाने की जानकारी है।

जोरदार टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बक्शा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। रात के समय हुए इस हादसे ने फतेहगंज बाजार में सनसनी फैला दी। दो युवकों की मौत की खबर सामने आते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। एक ही हादसे ने दो परिवारों से उनके चिराग छीन लिए, जबकि तीसरा युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।फिलहाल हादसे की परिस्थितियों और दोनों मोटरसाइकिलों की टक्कर के कारणों को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है। घटना बक्शा थाना क्षेत्र के फतेहगंज बाजार की है।





