जौनपुर : समाधान दिवस में डीएम का सख्त संदेश: शिकायतों पर ढिलाई नहीं, पुराने राजस्व वादों के निस्तारण पर जोर

SHARE:

शाहगंज। तहसील शाहगंज में शनिवार, 5 सितंबर को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाए।

समाधान दिवस के दौरान ग्राम हमजापुर, थाना सरपतहा के संजय कुमार ने दबंगों पर पक्की नाली तोड़कर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी और क्षेत्राधिकारी शाहगंज की संयुक्त टीम गठित कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं सिधाई शाहगंज निवासी सिकंदर यादव ने राशन कार्ड में परिवार के सदस्यों के नाम जोड़ने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति निरीक्षक को पात्रता की जांच कर नियमानुसार प्रकरण का निस्तारण करने को कहा।

समाधान दिवस में भूमि विवाद से जुड़े मामलों की संख्या अधिक रहने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में निष्पक्षता बरतते हुए नियम और तथ्यों के आधार पर निर्णय लिया जाए। उन्होंने धारा-24 के तहत तीन से पांच वर्ष से लंबित पुराने वादों को प्राथमिकता के साथ शत-प्रतिशत निस्तारित करने तथा धारा-116 और धारा-34 के मामलों की लंबित संख्या कम करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्विवाद वरासत के मामलों में भी निर्धारित समयसीमा के भीतर नाम दर्ज करने पर जोर दिया। इसके साथ ही आईजीआरएस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से मिलने वाली शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बरसात से खराब सड़कों पर भी डीएम सख्त

बारिश के चलते क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को तत्काल जरूरी मरम्मत कर सड़कों को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद क्षतिग्रस्त मार्गों पर शीघ्र ब्लैक टॉप कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

तहसील परिसर की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। जन्म, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों सहित अन्य जरूरी प्रमाण पत्रों का समय से निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक प्रकरण को संवेदनशीलता से लिया जाए और शिकायतकर्ता को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराने का प्रयास हो। समाधान दिवस के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनपद की अन्य तहसीलों में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित कर लोगों की समस्याएं सुनी गईं।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment