प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित राहत शिविर में पहुंचकर प्रभावित परिवारों को वितरित किया राहत सामग्री/किट
*बाढ़ प्रभावितों के साथ योगी सरकार मजबूती के साथ खड़ी है– मंत्री अनिल राजभर*
*योगी सरकार में आपदा प्रबंधन व्यवस्था में आया व्यापक और बुनियादी बदलाव- मा0 श्रम मंत्री*
*सगड़ी क्षेत्र में अब तक 20 गांव प्रभावित, 7000 राशन किट वितरित*
आजमगढ़ 14 सितम्बर 2026//लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण जिले की ’सगड़ी तहसील में इस वर्ष कुल 20 गांव अब तक बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से अब तक 7,000 राशन किट का वितरण किया गया है। मा0 प्रभारी मंत्री अनिल राजभर जी द्वारा ग्राम भदौरा मकरंद एवं शाहडीह के 200 बाढ़ प्रभावित परिवारों को शासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार राहत सामग्री/किट का वितरण किया गया।
मा0 प्रभारी मंत्री ने बाढ़ आपदा के बीच राहत शिविर वर्मा श्याम दुलारी महाविद्यालय, आराजी देवारा नैनीजोर, थाना रौनापार, सगड़ी पहुंचकर बाढ़ प्रभावितों को राशन किट वितरित करते हुए कहा कि बाढ़ की इस आपदा में योगी सरकार आपके साथ खड़ी है। दैनिक आवश्यकताओं की 26 सामग्रियों सहित 45 किलो के राशन किट में प्रभावित परिवार का लगभग 15 दिन का जीवन निर्वाह सामग्री है। राहत सामग्री को व्यवस्थित और मानकीकृत किया गया है। योगी सरकार ने आपदा प्रबंधन को महज राहत वितरण तक सीमित रखने की बजाय इसे प्रबंधन में और भी व्यापक बनाया है।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि सगड़ी क्षेत्र के सम्पूर्ण बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रशासनिक टीम सक्रीय है। जिला प्रशासन की निगरानी में बाढ़ प्रभावितों के लिए सभी बचाव व राहत कार्य गम्भीरता से जारी है। बाढ़ राहत में खाद्यान्न किट से लेकर सभी आधारभूत व्यवस्थाएं की जा रही है।
वर्ष 2026-27 में जनपद में अधिकतम जलस्तर 72.22 मीटर दर्ज किया गया था, जबकि आज का जलस्तर 71.46 मीटर’ है। जलस्तर में उतार-चढ़ाव के बीच प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए हुए है। बाढ़ के पानी के कारण 20 गांवों और निचले इलाकों के संपर्क मार्ग प्रभावित हुआ है। सभी ग्रामों का आवागमन भी प्रभावित हुआ है, जिसके कारण प्रशासन द्वारा आवागमन हेतु कुल 34 नाव लगाई गई। 13 सितंबर 2026 को 12 गांव के संपर्क मार्ग प्रभावित हुए हैं, सभी 12 गांव में आवागमन हेतु 18 नाव का संचालन प्रशासन द्वारा कराया जा रहा है। प्रशासन प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने में जुटे हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राशन और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। जरूरत पड़ने पर नावों के माध्यम से लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है।
प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें, जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से 9454417172 एवं 1077 पर संपर्क करें। राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ जलस्तर की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
राहत वितरण कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार, अपर जिलाधिकारी गम्भीर सिंह, कालेज प्रबंधक, वंदना सिंह, अरविन्द जायसवाल, मनीष मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं अन्य जन प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।




