*आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचीं पूर्व सांसद नीलम सोनकर, चखा श्रीअन्न से बना पुष्टाहार, सुनीं समस्याएं*
बरदह। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा सेतु अभियान के तहत लालगंज विधानसभा क्षेत्र की पूर्व सांसद नीलम सोनकर शुक्रवार दोपहर बरदह प्राथमिक विद्यालय पहुंचीं। उन्होंने विद्यालय परिसर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और केंद्रों पर बच्चों के लिए उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
विद्यालय में पहुंचने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने श्रीअन्न से तैयार किए गए पुष्टाहार भोजन और आकर्षक रंगोली के माध्यम से कार्यक्रम को विशेष रूप दिया। पूर्व सांसद ने श्रीअन्न से तैयार पुष्टाहार को चखकर उसकी सराहना की और बच्चों को भी इसके पोषण संबंधी महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से उनके कार्य के दौरान आने वाली परेशानियों, सुविधाओं और समस्याओं के बारे में विस्तार से बातचीत की।
इस दौरान विद्यालय परिसर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती भी मनाई गई। पूर्व सांसद और मौजूद लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और बच्चों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यकर्ताओं की ओर से बनाई गई रंगोली को भी पूर्व सांसद ने सराहा।
पूर्व सांसद नीलम सोनकर ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि कर्मचारियों और आम जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना है। अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों का क्रमवार निरीक्षण किया जा रहा है। जहां जो समस्या सामने आ रही है, उसे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर दूर कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत तहसील स्तर पर भी विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं, ताकि संभव हो तो उनका निस्तारण मौके पर ही कराया जा सके। इसके साथ ही सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।
पूर्व सांसद ने बरदह प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण करते हुए वहां की व्यवस्थाओं की भी सराहना की। विद्यालय के कार्यालय में महापुरुषों के चित्र और व्यवस्थित वातावरण देखकर उन्होंने प्रसन्नता जताई। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि बरदह का यह विद्यालय बेहद सुंदर और व्यवस्थित है। इससे बेहतर विद्यालय बहुत कम देखने को मिलता है।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसलिए उनके सुख-दुख और कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं को जानना भी जरूरी है। सेवा सेतु अभियान के माध्यम से अलग-अलग आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है और आवश्यक सुधार के लिए सुझाव भी दिए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान 18 विभागों से जुड़े कार्यक्रमों और जनसमस्याओं को लेकर भी जानकारी साझा की गई। अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष शरद राय, हेमंत तिवारी, सुनील सिंह, अरुण उपाध्याय, नवीन राय, दीपक राय,विलास राय, राजेश विश्वकर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में गीता राय, शशि दुबे, सरिता मौर्य तथा सहायिका प्रज्ञा मौर्य, चंद्रावती सरोज, रंजना दुबे समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।





