भारी बारिश एवं आंधी-तूफान से उत्पन्न स्थिति पर जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
जिलाधिकारी के निर्देशन में राजस्व, वन, विद्युत एवं पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय
गिरे पेड़, विद्युत पोल एवं अन्य अवरोध तत्काल हटाकर आवागमन कराया गया सुचारू
कच्चे मकान गिरने की सूचना पर प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के डीएम ने दिए निर्देश
आजमगढ़, 26 सितंबर 2026// जनपद आजमगढ़ में विगत रात्रि से लगातार हो रही भारी बारिश एवं आंधी-तूफान के कारण विभिन्न स्थानों पर पेड़, कच्चे मकान, विद्युत पोल आदि गिरने की सूचनाओं का जिला प्रशासन द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर आवश्यकता के अनुसार राजस्व, वन, विद्युत एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें तत्काल प्रभावित स्थलों पर भेजी जा रही हैं। टीमों द्वारा गिरे हुए पेड़ों एवं विद्युत पोलों को हटाकर मार्गों पर आवागमन सुचारू कराया जा रहा है। वहीं, कहीं कच्चे मकान के गिरने की सूचना प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते हुए प्रभावित परिवार को नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
बिलरियागंज के सियरहा में कार पर गिरा पीपल का पेड़, तत्काल हटवाकर मार्ग कराया गया सुचारू
बिलरियागंज थाना क्षेत्र के सियरहा गांव के पास आंधी एवं बारिश के कारण एक पीपल का पेड़ गिरकर क्रेटा कार पर गिर गया। घटना की सूचना प्राप्त होते ही जिलाधिकारी द्वारा तत्काल संबंधित टीम को मौके पर भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। टीम द्वारा मशीन के माध्यम से गिरे हुए पेड़ को काटकर हटाया गया तथा मार्ग से अवरोध दूर कर आवागमन सुचारू कराया गया।
छतवारा-ऊंची गोदाम मार्ग पर गिरे पेड़ को हटाकर आवागमन बहाल
छतवारा से ऊंची गोदाम जाने वाले मार्ग पर पेड़ गिरने के कारण सेखुपरा से मेंहनगर जाने वाला मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही प्रभारी डीएफओ नवीन वर्मा स्वयं मौके पर पहुंचे तथा वन विभाग की टीम के साथ तत्काल पेड़ हटवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की। पेड़ हटाए जाने के बाद मार्ग को पुनः आवागमन के लिए क्रियाशील कर दिया गया।
महराजगंज मोड़ सहित अन्य स्थानों पर भी तत्काल कार्रवाई
जनपद में महराजगंज मोड़ सहित अन्य स्थानों पर पेड़ एवं विद्युत पोल गिरने की सूचनाएं प्राप्त होते ही जिला प्रशासन के नेतृत्व में संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें मौके पर पहुंचीं। टीमों द्वारा तत्काल प्रभावी कार्रवाई करते हुए गिरे पेड़ों एवं अन्य अवरोधों को हटवाया गया तथा विद्युत विभाग द्वारा आवश्यकतानुसार विद्युत पोलों एवं लाइनों से संबंधित कार्यवाही सुनिश्चित की गई, जिससे आवागमन एवं आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखा जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा बारिश एवं आंधी-तूफान के दृष्टिगत जनपद में सतर्कता बनाए रखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन एवं आवश्यक सेवाएं यथाशीघ्र सामान्य बनी रहें।




