राजा भैया के जन्मदिन पर जनसत्ता दल ने मरीजों में बांटे फल
**पार्टी ने 31 अक्टूबर को सेवादिवस के रूप में मनाया, जिला मंत्री अमित सिंह प्रिंस बोले- 2027 में राजा भैया होंगे सबसे बड़े किंगमेकर**
बरदह। आजमगढ़ जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के 57वें जन्मदिवस के अवसर पर शुक्रवार को पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की ओर से सदर अस्पताल में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।
पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि जनसत्ता दल लोकतांत्रिक प्रत्येक वर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष का जन्मदिन सेवादिवस के रूप में मनाता है। इसी क्रम में पिछले वर्ष सदर अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था। इस वर्ष मरीजों के बीच फल वितरित कर सामाजिक सेवा का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर सदर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सतीश कन्नौजिया, जिला सचिव आशीष सिंह और जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी प्रत्येक वर्ष इस दिन को सेवादिवस के रूप में मनाती है। वहीं जिला मंत्री अमित सिंह ‘प्रिंस’ ने कहा कि 31 अक्टूबर को पार्टी की ओर से हर वर्ष कोई न कोई सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचे।
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर जिला मंत्री अमित सिंह ‘प्रिंस’ ने कहा कि अभी इस संबंध में कुछ कहना उचित नहीं होगा। हालांकि उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 2027 में राजा भैया के सहयोग के बिना सरकार बनना संभव नहीं होगा। वह चुनाव में सबसे बड़े किंगमेकर की भूमिका में होंगे।
कार्यक्रम में लालगंज विधानसभा अध्यक्ष ऋषभ सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष शिवम सिंह, समाजसेवी राहुल कुमार (मेहनगर), ऋतिक सिंह, अर्पित सिंह, अनिल कुमार, सत्यम बरनवाल, अभिषेक सिंह उर्फ अब्बू, कमलेन्दु वर्मा, प्रियांशु मिश्रा और समर्थ प्रताप सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।





