ढाबे पर मजदूरी के रुपये मांगने पर युवक से मारपीट, इलाज के दौरान मौत

SHARE:

ढाबे पर मजदूरी के रुपये मांगने पर युवक से मारपीट, इलाज के दौरान मौत
**500 रुपये तय मजदूरी के बदले 300 रुपये देने का आरोप, दो थानों के बीच उलझा रहा घटनाक्रम; मृतक के भाई ने दी तहरीर**

बरदह। मजदूरी के रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में मारपीट से घायल 50 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 निवासी सतीश अग्रहरि उर्फ बचाऊ पुत्र स्वर्गीय उमाशंकर अग्रहरि के रूप में हुई है। घटना का संबंध आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के दुबरा बाजार स्थित एक ढाबे से बताया जा रहा है। मृतक के परिजनों ने मारपीट का आरोप लगाते हुए बरदह थाने में तहरीर दी है।
परिजनों के अनुसार, दो दिन पहले सतीश के पड़ोसी कम्बली विश्वकर्मा निवासी गौराबादशाहपुर उन्हें काम दिलाने का झांसा देकर दुबरा बाजार स्थित एक ढाबे पर ले गए थे। वहां दोनों ने दो दिनों तक काम किया। आरोप है कि मजदूरी के रूप में 500 रुपये प्रतिदिन देने की बात तय हुई थी, लेकिन रुपये मांगने पर कम्बली ने सतीश को केवल 300 रुपये दिए। इस पर सतीश ने विरोध करते हुए तय मजदूरी के 500 रुपये मांगे और कम रुपये मिलने पर काम छोड़कर घर जाने की बात कही।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी बात को लेकर ढाबे पर विवाद हुआ और सतीश के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद किसी तरह अपने घर गौराबादशाहपुर पहुंचे। परिजनों ने उनकी हालत और चोटों के बारे में पूछा तो सतीश ने बताया कि उन्हें काम पर ले जाने वाले व्यक्ति ने मजदूरी के रुपये मांगने पर मारापीटा है।
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार शाम सतीश घर पहुंचे थे। रात में सोने के दौरान भी वह अपने साथ हुई मारपीट की बात बताते रहे। शुक्रवार को उनकी हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जौनपुर के सिद्धीकपुर स्थित उमाशंकर ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई दीपू अग्रहरि ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 29 अक्टूबर 2026 की शाम करीब सात बजे उनके बड़े भाई सतीश अग्रहरि के साथ मारपीट की गई थी। तहरीर में गौरा बादशाहपुर निवासी राजेश विश्वकर्मा उर्फ कंम्बली पर सिर पर प्रहार कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, घटनाक्रम में कम्बली विश्वकर्मा का नाम भी सामने आया है। पुलिस तहरीर और पूरे घटनाक्रम के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
घटना की खास बात यह है कि मारपीट की कथित घटना आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के दुबरा बाजार में हुई, जबकि घायल युवक की मौत जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में हुई। सूचना मिलने पर दोनों थानों की पुलिस सक्रिय हुई। बताया गया कि गौराबादशाहपुर पुलिस आरोपी राजेश उर्फ कम्बली विश्वकर्मा को पहले अपने थाने ले गई, जिसके बाद बरदह थाने की पुलिस उन्हें वहां से अपने साथ ले गई। गौराबादशाहपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जौनपुर भेज दिया।
सतीश अग्रहरि दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी माला देवी, तीन बेटे सौरभ (23), शुभम (27) और प्रियेश (19) तथा एक बेटी शिवानी (25) हैं। परिजनों के अनुसार, अभी किसी भी संतान की शादी नहीं हुई है। पति की मौत के बाद पत्नी माला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने अब भरण-पोषण का संकट भी खड़ा हो गया है।
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है। थाना अध्यक्ष गौराबादशाहपुर जौनपुर प्रकाश शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम जौनपुर जिले से हो रहा है मुकदमा बरदह आजमगढ़ थाने में लिखा गया है। थाना अध्यक्ष चंद्रदीप कुमार बरदह ने बताया कि आरोपी को कब्जे में लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई