अहिरौली ग्राम पंचायत में 86 हजार की वित्तीय अनियमितता उजागर, प्रशासक कार्यमुक्त

SHARE:

अहिरौली ग्राम पंचायत में 86 हजार की वित्तीय अनियमितता उजागर, प्रशासक कार्यमुक्त

 

**जिला स्तरीय जांच में पौधरोपण और पंचायत भवन के फर्नीचर खरीद में मिली गड़बड़ी, तत्कालीन ग्राम प्रधान से मांगा गया था स्पष्टीकरण**

 

**बरदह (आजमगढ़)।** ठेकमा विकास खंड की अहिरौली ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। गांव निवासी हरिश्चंद्र सरोज पुत्र सुभाष सरोज की ओर से शपथ पत्र के साथ की गई शिकायत की जिला स्तरीय जांच में दो मामलों में कुल 86,812 रुपये की वित्तीय अनियमितता परिलक्षित हुई है। जांच में पौधरोपण के नाम पर 15,512 रुपये और पंचायत भवन के लिए फर्नीचर व अन्य सामान की खरीद में लगभग 71,300 रुपये की गड़बड़ी सामने आई है।

शिकायतकर्ता ने ग्राम प्रधान नीरज गौड़ और ग्राम पंचायत से जुड़े कार्यों में अनियमितता, सरकारी धन के दुरुपयोग और विकास कार्यों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर 17 जून 2026 को जिला कृषि अधिकारी और लोक निर्माण विभाग के तकनीकी सहायक अभियंता को जांच अधिकारी नामित किया गया। जांच अधिकारियों ने कुल 12 बिंदुओं पर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की।

जांच रिपोर्ट के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2021-22 में गाटा संख्या 191 स्थित डीह के पोखरे पर पौधरोपण के नाम पर गड्ढों की खुदाई और अन्य कार्यों के लिए भुगतान किया गया था। अभिलेखों में इस कार्य पर 15,512 रुपये खर्च दर्शाया गया, लेकिन जांच में पौधरोपण का कार्य नहीं कराया जाना पाया गया। इस पर 15,512 रुपये की वित्तीय अनियमितता परिलक्षित की गई।

वहीं, दूसरे मामले में वित्तीय वर्ष 2023-24 में पंचायत भवन के लिए 10 कुर्सियां, दो मेज, एक इन्वर्टर, एक बैटरी और एक कंप्यूटर सेट की खरीद के लिए 1,57,500 रुपये का भुगतान अभिलेखों में दर्ज मिला। जबकि स्थलीय निरीक्षण के दौरान केवल एक कुर्सी, एक मेज और एक कंप्यूटर सेट ही पाया गया। शेष सामान मौके पर नहीं मिला। जांच में इस मद में लगभग 71,300 रुपये की वित्तीय अनियमितता परिलक्षित हुई।

जांच अधिकारियों ने दोनों मामलों में तत्कालीन ग्राम प्रधान नीरज गौड़ से स्पष्टीकरण मांगा था। इसके क्रम में प्रधान ने पांच अक्तूबर 2026 को अपना जवाब प्रस्तुत किया। पौधरोपण के मामले में प्रधान ने बताया कि कार्य पांच वर्ष पुराना है। पौधे लगाने के बाद गांव के कुछ लोगों ने उन्हें उखाड़ दिया और कुछ पौधों को आवारा पशुओं ने नष्ट कर दिया। उन्होंने अपने पक्ष में पुराने और वर्तमान समय के फोटो भी प्रस्तुत किए। प्रधान ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया।

खंड विकास अधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि अहिरौली ग्राम पंचायत में प्रशासक को दोषी पाए जाने के बाद कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनके स्थान पर ग्राम पंचायत का कार्यभार सचिव को सौंपा गया है। अब ऐडीओ पंचायत ओमप्रकाश की देखरेख में ग्राम पंचायत के कार्यों का संचालन सचिन करेंगे।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई