जौनपुर: विद्यार्थियों की थाली तक पहुंची कुलपति की निगरानी, हॉस्टलों में अचानक पहुंचे प्रो. राकेश कुमार सिंह

SHARE:

छात्र-छात्राओं के साथ बैठकर किया भोजन, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता से लेकर रसोई की सफाई तक परखी व्यवस्थाएं

ए के तिवारी

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में छात्रावासों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने छात्र एवं छात्राओं के हॉस्टलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केवल व्यवस्थाओं का जायजा ही नहीं लिया, बल्कि विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन भी किया और उनसे सीधे संवाद कर भोजन की गुणवत्ता एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान कुलपति ने रसोईघर में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री, उसकी गुणवत्ता, खरीद प्रक्रिया और खाद्य पदार्थों के ब्रांड के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से दूध, पनीर सहित अन्य दुग्ध उत्पादों की शुद्धता पर ध्यान देने का निर्देश दिया। कहा कि ऐसी सामग्री विश्वसनीय एवं प्रमाणित दुकानों से ही खरीदी जाए, ताकि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के साथ कोई समझौता न हो।

कुलपति ने छात्रावास में रहने वाले छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। विद्यार्थियों के साथ भोजन करने के दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था को लेकर उनकी राय जानी। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने रसोईघर, भोजनालय और छात्रावास परिसर में साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। खाद्य सामग्री की खरीद और भंडारण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक सामग्री का विवरण स्टॉक रजिस्टर में दर्ज करने तथा नियमित रूप से अभिलेखों का रखरखाव करने का निर्देश दिया।

कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि छात्र-छात्राओं को पौष्टिक, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और छात्रावासों के स्वच्छ वातावरण को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और निर्धारित मानकों का पालन कराने के निर्देश दिए।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई