लखनऊ में आयोजित ‘भारत शौर्य तिरंगा यात्रा’ में उमड़ा जन सैलाब……
लखनऊ। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश द्वारा लखनऊ में आयोजित ‘भारत शौर्य तिरंगा यात्रा’ कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहभाग किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि अपने देश के सैनिकों को सर्वोच्च सम्मान देने एवं आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए उत्तर प्रदेश में तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ गया जो आगे भी ज़ारी रहेगा,’ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर सभी प्रदेश वासियों की ओर से सेना और आदरणीय प्रधानमंत्री जी का हृदय से अभिनंदन!
प्रदेश की राजधानी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद सेना के शौर्य को सलामी देने के लिए बुधवार को अपने सरकारी आवास से भारत शौर्य तिरंगा यात्रा को रवाना किया। इस दौरान सीएम योगी ने हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा का नेतृत्व किया। उन्होंने प्रदेशवासियों की तरफ से ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जवानों, पूर्व सैनिकों, नौजवानों का अभिनंदन किया। सीएम ने कहा कि पूरा देश भारतीय सेना के शौर्य व पराक्रम को सैल्यूट करते हुए बहादुर जवानों का अभिनंदन करने के लिए उतावला दिखाई दे रहा है।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने पाकिस्तान पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि एक दिन आतंकवाद पाकिस्तान को ही निगल जाएगा। जब चुनौती हो और राष्ट्रीय संकट के लिए कोई स्पेस दे रहा हो तो धैर्य और एकता ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी होती है। इस माहौल में जवानों के कारण भारत ने पाकिस्तान के हौसले पस्त किए। दुनिया ने पाकिस्तान व उसके आकाओं के बेशर्मी भरे उस चेहरे को भी देखा, जिसमें आतंकियों के जनाजे में वहां के नेता व सैन्य अधिकारी भी शामिल हुए। यह चीजें दिखाती हैं कि पाकिस्तान विफल राष्ट्र है और 70-75 वर्षों में उसने केवल आतंकवाद के बीज बोए हैं। पाकिस्तान ने अपनी विफलता की कहानी ही दुनिया को बताई है। आतंकवाद को दिए जा रहे प्रश्रय इस बात को साबित करते हैं कि आतंकवाद एक दिन पाकिस्तान को भी निगल देगा, खोखला हो चुका पाकिस्तान आज जिस प्रकार का दुस्साहस कर रहा है, ऑपरेशन सिंदूर उसका जवाब था। आने वाले समय में यह तय है कि भारत की तरफ जो भी अंगुली उठाएगा और बहन-बेटियों के सम्मान के विरुद्ध सुरक्षा में सेंध लगाने का कार्य करेगा, उसके जनाजे में कोई रोने वाला भी नहीं मिलेगा। पाकिस्तान से संरक्षण प्राप्त आतंकवादियों ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में वीभत्स व बर्बर घटना को अंजाम दिया था, जिसकी निंदा देश-दुनिया ने की थी, लेकिन आतंकवाद का पोषक पाकिस्तान व उसके आका मौन रहे। भारत के आन-मान-शान की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध हमारी सरकार ने सारे प्रमाण दिए, उसके बाद भी पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो अंततः ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया गया। पहले ही दिन 100 से अधिक आतंकियों व प्रत्यक्ष रूप से आतंकवाद के विषबेल को पालने-पोसने में योगदान देने वाले उनके परिवार से जुड़े लोगों को वीभत्स कृत्य की सजा दी गई। सभी ने भारतीय सेना के पराक्रम व शौर्य का लोहा माना। पाकिस्तान की हिमाकत का थल, वायु व नौसेना के बहादुर जवानों ने मजबूती से जवाब दिया और दुनिया को भी संदेश दिया कि हम छेड़ेंगे नहीं, लेकिन छेड़ने वालों को छोड़ेंगे नहीं, भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित ‘भारत शौर्य तिरंगा यात्रा’ कार्यक्रम में लखनऊ सहित आसपास क्षेत्र के हजारों लोग हाथों में तिरंगा लेकर एकता का संदेश देते हुए समूह में आगे बढ़ रहे थे, भारत माता जय की जय घोष के साथ सभी प्रकार की दलिय दीवारें धारासाही दिख रही थी, हाथों में तिरंगा लिए जन सैलाब भारत की सेवा के सुर गाथा को बयां करती हुई दिख रही थी।





