डीएम के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, बिना लाइसेंस और डॉक्टर के चल रहा था सेंटर – मौके से संचालक फरार, जांच टीम ने सेंटर पर लगाया ताला,

SHARE:

बिलरियागंज में अवैध सोनोग्राफी सेंटर सीज

आजमगढ़। जनपद में अवैध और मानकों के विपरीत चल रहे स्वास्थ्य केंद्रों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बिलरियागंज क्षेत्र में स्टेट बैंक के पास संचालित एक अवैध सोनोग्राफी सेंटर को प्रशासनिक टीम ने रंगे हाथों पकड़कर तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया। आरोप है कि यह सेंटर बिना किसी वैध लाइसेंस और पंजीकृत डॉक्टर के चलाया जा रहा था, जिससे आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा था।

मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि बिलरियागंज में स्टेट बैंक के पास एक सेंटर अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड कर रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया था कि सेंटर द्वारा गलत और भ्रामक रिपोर्ट जारी की जा रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश पर डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेन्द कुमार की टीम ने मौके पर छापेमारी की।

जांच टीम जब मौके पर पहुँची, तो वहां न तो पीसीपीएनडीटी (PCPNDT) एक्ट के तहत अनिवार्य दस्तावेज मिले और न ही कोई अधिकृत चिकित्सक मौजूद था। टीम को देख सेंटर संचालक मौके से फरार हो गया। वैध कागजात और पंजीकरण न होने के कारण टीम ने सेंटर को सील कर दिया।

सीएमओ डॉ. एन. आर. वर्मा ने सख्त लहजे में कहा कि जनपद में किसी भी अवैध, अपंजीकृत या गैर-मानक स्वास्थ्य संस्थान को पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले सेंटरों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और पकड़े जाने पर कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment