जौनपुर : अलग अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत

SHARE:

ए के तिवारी 
जौनपुर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई दो सड़क दुर्घटनाओं ने बुधवार और मंगलवार की रात को मातम में बदल दिया। दोनों घटनाओं में दो व्यक्तियों की जान चली गई, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहली घटना मड़ियाहूँ कोतवाली क्षेत्र के शीतलगंज बाजार स्थित शिव मंदिर के पास बुधवार दोपहर हुई। यहां स्कूटी से घर लौट रहे स्थानीय मिठाई व्यवसायी नन्हे मोदनवाल (45) को विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह वाहन के हिस्से में फंसकर कुछ दूरी तक घसीटते चले गए। घटना के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

नेवढ़िया थाने का प्रतीकात्मक तस्वीर

 

दूसरी दुर्घटना नेवढ़िया थाना क्षेत्र के कसियांव गांव निवासी भास्कर पांडेय (46) के साथ मंगलवार रात हुई। वह सरौना गांव के पास किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। अंधेरा होने के कारण घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिल सका। रास्ते से गुजर रहे लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को अवगत कराते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुट गई। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Amit Tiwari
Author: Amit Tiwari

Leave a Comment