AQIS से जुड़े युवक को एटीएस ने किया गिरफ्तार

SHARE:

AQIS से जुड़े युवक को एटीएस ने किया गिरफ्तार

 

युवाओं को आतंकी विचार धारा से जोड़ने का आरोप, वाट्सऐप समूहों में कोड भाषा में होती थी बातचीत

आजमगढ़। प्रतिबंधित आतंकी संगठन अलकायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) की विचारधारा से जुड़े 19 वर्षीय युवक मोहम्मद नबील पुत्र दानिश को उत्तर प्रदेश एटीएस ने शनिवार को गिरफ्तार किया। आरोपित दीदारगंज थाना क्षेत्र के चितारा महमूदपुर गांव का निवासी है। एटीएस के अनुसार, वह इंटरनेट मीडिया पर समूह बनाकर युवाओं को आतंकी विचारधारा से जोड़ने और उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करने की योजना में शामिल था।

एटीएस के मुताबिक, मोहम्मद नबील के मोबाइल की जांच में AQIS के प्रचार-प्रसार से जुड़े कई वाट्सऐप समूह मिले हैं। इनमें सदस्यों को ‘मुजाहिद’ कहकर संबोधित किया जाता था। जिहाद, चाकू और केमिकल आदि के लिए कूट शब्दों के इस्तेमाल की बात भी जांच में सामने आई है। एटीएस ने विदेशी समूहों से जुड़े होने का भी दावा किया है, जिनमें बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब के लोग शामिल बताए गए हैं।

आतंकी साहित्य साझा करने का आरोप

जांच एजेंसी के अनुसार, नबील ने वाट्सऐप समूह में आतंकी अनवर उल अवलाकी की किताब ‘जिहाद करने के 44 तरीके’ और AQIS के पूर्व प्रमुख मौलाना आसिम उमर की किताब ‘तीसरी जंग-ए-अजीम और दज्जाल’ साझा की थी। एटीएस का दावा है कि आरोपित और उसके साथियों के बीच पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाकर प्रशिक्षण लेने की योजना को लेकर भी बातचीत हुई थी। बम बनाने की सामग्री और पोटैशियम नाइट्रेट हासिल करने के संबंध में चर्चा किए जाने की बात भी सामने आई है।

‘गजवा-ए-हिंद’ की साजिश में शामिल होने का दावा

एटीएस के अनुसार, नबील पाकिस्तान के सहयोग से भारत में ‘गजवा-ए-हिंद’ की योजना से जुड़ी बातचीत में शामिल था। देश विरोधी गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की गई। मामले में लखनऊ स्थित एटीएस थाने में मुकदमा संख्या 14/2026 दर्ज किया गया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता और विधि विरुद्ध क्रिया-कलाप निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। आरोपित को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर है नबील

ग्रामीणों के अनुसार, मोहम्मद नबील तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर है। उसके पिता सऊदी अरब में रहते हैं। घर पर वह मां, दादा-दादी और बहनों के साथ रहता था। नबील सरायमीर क्षेत्र में स्नातक स्तर की पढ़ाई के साथ हाफिजा की डिग्री के लिए मदरसे में भी अध्ययन कर रहा था। वह प्रतिदिन घर से सरायमीर पढ़ने जाता था।

ग्रामीणों ने बताया कि नबील गांव की मस्जिद में तरावीह के दौरान बच्चों को पढ़ाता था। पड़ोसियों के मुताबिक, वह मोबाइल पर धर्म संबंधी वीडियो भी पोस्ट करता था। गांव में उसके खिलाफ पहले कोई मुकदमा दर्ज होने की जानकारी नहीं है। तीनों भाई-बहनों की अभी शादी नहीं हुई है। एटीएस की गिरफ्तारी के बाद गांव में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment