CSIR-UGC NET में पूर्वांचल विश्वविद्यालय का डंका, सोनल ने देश में हासिल की दूसरी रैंक

SHARE:

छह विद्यार्थियों ने जेआरएफ-नेट में बनाई राष्ट्रीय पहचान, रसायन विज्ञान में सूरज की 79वीं रैंक

ए के तिवारी (पत्रकार) जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने संयुक्त सीएसआईआर-यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है। प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भइया) भौतिकीय विज्ञान अध्ययन एवं शोध संस्थान से जुड़े छह विद्यार्थियों ने जेआरएफ और नेट में उल्लेखनीय रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का दम दिखाया है।

इस उपलब्धि में सबसे चमकदार नाम सोनल शुक्ला का रहा। एमएससी भूविज्ञान की छात्रा सोनल ने अर्थ एंड प्लैनेटरी साइंसेज में यूजीसी-जेआरएफ की देशभर में दूसरी रैंक हासिल की। उनकी इस सफलता ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ दी है।

इसी विषय में अनन्य पांडेय ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 29वीं रैंक हासिल की। दोनों विद्यार्थियों की सफलता ने पृथ्वी एवं ग्रह विज्ञान के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की मजबूत अकादमिक पकड़ को सामने रखा है।

रसायन विज्ञान में सूरज ने मारी बाजी

रसायन विज्ञान में विश्वविद्यालय के सूरज प्रजापति ने सीएसआईआर-जेआरएफ में 79वीं रैंक हासिल की। रज्जू भइया संस्थान से एमएससी रसायन विज्ञान की पढ़ाई पूरी करने वाले सूरज वर्तमान में विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर नैनोसाइंस एंड टेक्नोलॉजी में डीएसटी-पर्स परियोजना के तहत शोध कार्य कर रहे हैं।

भौतिकी और गणित में भी शानदार प्रदर्शन

भौतिक विज्ञान में प्रवीण कुमार प्रजापति ने नेट में 118वीं रैंक हासिल की। वह रज्जू भइया संस्थान के एमएससी भौतिकी के विद्यार्थी रहे हैं और विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर रिन्यूएबल एनर्जी में डीएसटी-पर्स परियोजना के अंतर्गत कार्य कर चुके हैं।

गणितीय विज्ञान में भी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रदूम कुमार शर्मा ने सीएसआईआर-जेआरएफ में 122वीं रैंक, जबकि अनंत चौधरी ने नेट में 106वीं रैंक हासिल की।

कुलपति ने दी बधाई

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर. के. सिंह ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, गणित तथा अर्थ एंड प्लैनेटरी साइंसेज जैसे अलग-अलग विषयों में एक साथ मिली सफलता विश्वविद्यालय में विकसित हो रही शोध संस्कृति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, आधुनिक शोध सुविधाओं और बेहतर अकादमिक मार्गदर्शन का परिणाम है।

सीएसआईआर-यूजीसी नेट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धी परीक्षा में मिली यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत और लगन के साथ-साथ विश्वविद्यालय के शोध एवं शैक्षणिक वातावरण की मजबूती को भी दर्शाती है। इन उपलब्धियों से पूर्वांचल विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय अकादमिक पहचान को नई मजबूती मिली है और शोध तथा उच्च शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ रहे विद्यार्थियों के लिए यह सफलता प्रेरणा बनी है।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई