पूविव जौनपुर : सभी क्षेत्रों की आधारशिला है गणित : प्रो. प्रमोद यादव

SHARE:

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय गणित दिवस पर ‘पाई डे’ मनाया गया

ए के तिवारी 
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) भौतिकीय विज्ञान अध्ययन एवं शोध संस्थान में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर ‘पाई डे’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शिक्षकों और विद्यार्थियों ने गणित के महत्व तथा उसके विभिन्न क्षेत्रों में उपयोग पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्थान के निदेशक प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि गणित केवल संख्याओं और सूत्रों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह तार्किक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और जटिल समस्याओं के समाधान की क्षमता विकसित करता है। उन्होंने बताया कि आधुनिक समय में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, कंप्यूटर विज्ञान, अर्थशास्त्र और डेटा विश्लेषण जैसे लगभग सभी क्षेत्रों की बुनियाद गणित पर ही टिकी हुई है।
उन्होंने आगे कहा कि π (पाई) गणित का एक महत्वपूर्ण स्थिरांक है, जिसका उपयोग विशेष रूप से वृत्त की परिधि और क्षेत्रफल की गणना सहित कई वैज्ञानिक और तकनीकी गणनाओं में किया जाता है।

गणित विभागाध्यक्ष प्रो. मिथिलेश सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गणित दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में गणित के प्रति रुचि तथा जागरूकता बढ़ाना है। उनके अनुसार गणित केवल कक्षा का विषय नहीं, बल्कि दैनिक जीवन के अनेक कार्यों—जैसे समय का निर्धारण, दूरी का अनुमान, आर्थिक लेन-देन और आधुनिक तकनीक के उपयोग—में भी इसकी अहम भूमिका होती है।
इस अवसर पर डॉ. दीपक कुमार मौर्य, डॉ. आशीष वर्मा और सौरभ सिंह ने भी अपने विचार रखते हुए विद्यार्थियों को गणितीय शोध और अध्ययन के लिए प्रेरित किया।

 

कार्यक्रम में प्रो. देवराज सिंह, प्रो. प्रमोद कुमार, डॉ. नीरज अवस्थी, डॉ. पुनीत धवन, डॉ. धीरेन्द्र चौधरी, डॉ. आलोक वर्मा, डॉ. संदीप वर्मा समेत अनेक शिक्षक, शोधार्थी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Amit Tiwari
Author: Amit Tiwari

Leave a Comment