शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह पर बरदह पुलिस का शिकंजा, 7 गिरफ्तार

SHARE:

दुल्हन से लेकर पिता, भाई और रिश्तेदार तक की भूमिका निभाकर रचते थे फर्जी शादी का पूरा ड्रामा—नकदी, जेवर, कपड़े और दो बाइक बरामद

आजमगढ़। शादी के इच्छुक लोगों को निशाना बनाकर कथित तौर पर ठगी करने वाले अन्तर्जनपदीय गिरोह का थाना बरदह पुलिस ने खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों में पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य शादी करने के इच्छुक लोगों की पहचान करते थे। इसके बाद गिरोह की महिला सदस्य को दुल्हन के रूप में पेश कर शादी तय कराई जाती थी। गिरोह के अन्य सदस्य दुल्हन के पिता, भाई और रिश्तेदार बनकर सामने आते थे और इस तरह परिवार का विश्वास हासिल करते थे।

बताया गया है कि शादी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद गिरोह के सदस्य रुपये और आभूषण लेकर फरार हो जाते थे। बरदह पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद इस गिरोह का पता लगाकर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में बजरंगी बिन्द, राजन विश्वकर्मा, बहादुर उर्फ राजू, रामबिलाश, जय किशन उर्फ अजीत तथा दो महिलाएं शामिल हैं।

नकदी-जेवर समेत सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19,650 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े और दो मोटरसाइकिलें बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी सामने आई है। आजमगढ़, जौनपुर और देवरिया में ठगी, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल नौ अभियोगों का आपराधिक इतिहास बताया गया है।

 

मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह ने पुलिस की कार्रवाई और गिरोह के तरीके के संबंध में जानकारी दी। बरदह पुलिस की कार्रवाई के बाद अब गिरोह से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment