ए के तिवारी
जौनपुर। विकास खंड धर्मापुर के ग्राम बिथार स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय में शनिवार को वार्षिकोत्सव एवं मदर मेला का आयोजन बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, एकांकी नाटक और देशभक्ति से ओतप्रोत कई शानदार प्रस्तुतियां दीं। विशेष रूप से ब्राजील डांस और डंबल डांस ने दर्शकों का खूब मन मोह लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।समारोह के मुख्य अतिथि जफराबाद विधायक जगदीश नारायण राय ने कहा कि किसी भी विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता का अंदाजा वहां के बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास से लगाया जा सकता है। उन्होंने बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों, आपसी समन्वय और विद्यालय के सकारात्मक शैक्षिक वातावरण की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान विधायक एवं अन्य अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप नकद पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया।समारोह के विशिष्ट अतिथि धर्मापुर के खंड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार वैश्य रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधान सुरेन्द्र यादव ने की, जबकि संचालन निखिल जायसवाल के निर्देशन में विद्यालय के बच्चों ने किया।विद्यालय की प्रधानाध्यापिका विद्योत्तमा उपाध्याय ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एआरपी महेंद्र यादव, पंकज सिंह, रंजय रजक, विक्रम यादव, धीरेंद्र प्रताप पाल, स्वतंत्र कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सरोज गौतम, एकता सिंह, प्रीति पाठक, नीतू सिंह, नम्रता सिंह, विलसन कुमार, अरविंद मौर्य, ज्ञानमती और आनंद यादव समेत विद्यालय परिवार का विशेष सहयोग रहा।




