चोरी के मामले में लापरवाही और संदिग्ध अपराधी को बिना प्रभावी पूछताछ छोड़े जाने के आरोपों पर हुई कार्रवाई, पुलिस विभाग में मचा हड़कंप
जौनपुर। जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग की कार्यशैली को लेकर पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए दो पुलिस अधिकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने नगर कोतवाली की प्रभारी निरीक्षक अनिता सिंह और सरायपोख्ता चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राहुल रंजन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र में हुई चोरी की एक घटना में अपेक्षित कार्रवाई नहीं किए जाने और एक सक्रिय अपराधी को पूछताछ के लिए थाने लाने के बाद बिना गहन पूछताछ तथा जरूरी विवेचनात्मक प्रक्रिया पूरी किए छोड़ने की शिकायत सामने आई थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच सहायक पुलिस अधीक्षक नगर को सौंपी गई। जांच में प्रथम दृष्टया दोनों अधिकारियों की कार्यशैली में लापरवाही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक ने निलंबन की कार्रवाई की।

सूत्रों द्वारा बताया गया कि कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही और स्वेच्छाचारिता के आरोपों को आधार बनाकर यह कदम उठाया गया है। एसपी की इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में जवाबदेही और अनुशासन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे महकमे में स्पष्ट संदेश गया है कि पुलिसकर्मियों के कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जा सकती है।




