ए के तिवारी
जौनपुर। जिले के मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रयागराज-मुंगरा बादशाहपुर मार्ग पर एक रोडवेज बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब दस यात्री घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि सिविल लाइन्स डिपो की बस लगभग 35 यात्रियों को लेकर प्रयागराज से टांडा की ओर जा रही थी। जैसे ही बस कोदहूं गांव के पास पहुंची, अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगरा बादशाहपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। एक गंभीर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया रेफर किया गया है। इस हादसे में बस चालक सतीश गुप्ता (45 वर्ष) निवासी खुटहन, जौनपुर की मौके पर ही जान चली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच में जुट गई है।
घायलों में जौनपुर और आसपास के क्षेत्रों के कई यात्री शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।






