

(नोट : पोस्टर में AI तस्वीर का इस्तेमाल किया गया है)
जौनपुर: जफराबाद थाना क्षेत्र के जमैथा (गढ़ईपर पुरवा) गांव में दहेज प्रताड़ना से तंग आकर 26 वर्षीय विवाहिता पूजा मौर्या ने बुधवार रात गोमती नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली।
आखिरी कॉल और खौफनाक कदम
पूजा के पति सोनू मौर्या जौनपुर शहर में काम करते हैं। बुधवार रात करीब 10 बजे पूजा घर से एक किलोमीटर दूर गोमती नदी के अखड़ो घाट पुल पर पहुंची। उसने वहां अपना मोबाइल रखा और नदी में कूदने से ठीक पहले अपने पति और मायके वालों को फोन पर बात की। सूचना मिलते ही पति सोनू तुरंत मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक पूजा नदी में विलीन हो चुकी थी।
पुलिस को मिला शव
अगली सुबह जमैथा चौकी प्रभारी ईशचंद्र यादव ने स्थानीय लोगों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया। घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर बंगालीबीर के पास पूजा का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
‘चार पहिया’ गाड़ी के लिए प्रताड़ना, 5 पर केस
मौत की खबर मिलते ही सरायख्वाजा क्षेत्र के ककोरगहना गांव से मृतका के मायके वाले पहुंच गए। पूजा के भाई करन मौर्य ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले दहेज में चार पहिया वाहन (कार) की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।
थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी ने बताया कि भाई की तहरीर पर पति सोनू, ससुर लालजी, सास जड़ावती, जेठ पंकज और जेठानी कोमल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।




