बस्ती यूपी : 10 हजार का कर्ज, 80 हजार की वसूली का दबाव! सूदखोरों से त्रस्त युवक ने एसपी ऑफिस में पेट्रोल पीकर मचाया हड़कंप

SHARE:

बस्ती। बेटे के इलाज के लिए लिया गया 10 हजार रुपये का कर्ज एक परिवार के लिए मुसीबत का पहाड़ बन गया। पीड़ित का आरोप है कि मूलधन और ब्याज की रकम चुकाने के बावजूद उससे अब 80 हजार रुपये की मांग की जा रही है। कथित सूदखोरों की धमकियों से परेशान परिवार पिछले पांच साल से अपना गांव छोड़कर किराए के मकान में रहने को मजबूर है।

 

दुबौलिया थाना क्षेत्र के पाही माफी गांव निवासी सुरेश कुमार ने आरोप लगाया कि बेटे के पैर के संक्रमण के इलाज के लिए उन्होंने गांव के कुछ लोगों से ब्याज पर 10 हजार रुपये उधार लिए थे। समय के साथ उन्होंने काफी रकम वापस कर दी, लेकिन इसके बावजूद हिसाब खत्म नहीं हुआ। अब उनसे 80 हजार रुपये और देने का दबाव बनाया जा रहा है तथा जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।पीड़ित परिवार का कहना है कि डर के कारण उन्हें गांव छोड़ना पड़ा और पिछले पांच वर्षों से बस्ती शहर में किराए के मकान में रहना पड़ रहा है। आरोप है कि गांव में रह रहे उनके बुजुर्ग पिता को भी लगातार धमकियां मिल रही हैं।

लगातार हो रही कथित प्रताड़ना और कार्रवाई न होने से आहत सुरेश एसपी कार्यालय पहुंचे और विरोध स्वरूप अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया तथा पेट्रोल पी लिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उन्हें बचाया और अस्पताल में भर्ती कराया।सीओ सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि पैसों के लेनदेन से जुड़े विवाद में एक व्यक्ति ने आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया था। पुलिस ने समय रहते उसे अस्पताल पहुंचाया है। एसपी ने मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Amit Tiwari
Author: Amit Tiwari

Leave a Comment