जौनपुर : विश्व पर्यावरण दिवस पर पनौली के सरकारी ट्यूबवेल परिसर में हुआ भव्य वृक्षारोपण, पर्यावरण बचाने का लिया संकल्प

SHARE:

विवेक तिवारी पत्रकार खुटहन

जौनपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर खुटहन ब्लॉक के पनौली गांव स्थित सरकारी ट्यूबवेल परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अवर अभियंता (जेई) अलीम अहमद ने की। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जेई अलीम अहमद ने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ, सुरक्षित और संतुलित बनाए रखने में वृक्षों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि एक समय गांवों में बड़े-बड़े बाग-बगीचे हुआ करते थे, जहां लोगों को शुद्ध हवा के साथ राहगीरों को छाया भी मिलती थी, लेकिन लगातार हो रही पेड़ों की कटाई के कारण हरियाली तेजी से कम होती जा रही है। ऐसे में हर व्यक्ति का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी देखभाल भी करे।

इस अवसर पर उपस्थित पत्रकार विवेक कुमार त्रिपाठी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी और सरल उपाय है। पेड़ हमें शुद्ध वायु, फल, छाया और जीवन के लिए आवश्यक संसाधन प्रदान करते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखे।

कार्यक्रम में प्रमोद कुमार गौतम जिलेवार, ऑपरेटर सुमित कुमार गुप्ता, ऑपरेटर सुरेंद्र कुमार, गोविंदा यादव, उमेश यादव सहित अन्य लोगों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण बचाने और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment