

प्रवक्ता परीक्षा को सकुशल एवं नकलविहीन सम्पन्न कराने हेतु तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए गए कड़े निर्देश
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा दिनांक 09 एवं 10 मई 2026 को आयोजित होने वाली प्रवक्ता परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गम्भीर सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी 14 परीक्षा केन्द्रों के केन्द्र व्यवस्थापक/प्रबंधक, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने परीक्षा से संबंधित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं एवं व्यवस्थाओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पीपीटी के माध्यम से परीक्षा संचालन की प्रक्रिया, सुरक्षा प्रबंधन, अभ्यर्थियों की एंट्री व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक पहलुओं को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि जनपद में इस परीक्षा में कुल 22,899 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक होगी, जिसमें अभ्यर्थियों का प्रवेश प्रातः 7:15 बजे से प्रारंभ होकर 8:45 बजे तक पूर्ण कर लिया जाएगा। द्वितीय पाली अपराह्न 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें अभ्यर्थियों का प्रवेश 12:15 बजे से प्रारंभ होकर 1:45 बजे तक सुनिश्चित किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी गम्भीर सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा से जुड़े सभी कार्मिक—जैसे केन्द्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट—निर्देश पुस्तिका में उल्लिखित सभी नियमों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक को गंभीरता से लिया जाएगा तथा शासन स्तर से कठोर कार्यवाही की जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि नकल अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता में संलिप्त पाए जाने पर परीक्षार्थियों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं सतर्कता के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए।





