मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला एवं पल्स पोलियो बूथ दिवस का सफल आयोजन 3.65 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक: मुख्य चिकित्साधिकारी

SHARE:

मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला एवं पल्स पोलियो बूथ दिवस का सफल आयोजन 3.65 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक: मुख्य चिकित्साधिकारी

आजमगढ़ 28 जून 2026/
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि जनपद आजमगढ़ में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला एवं पल्स पोलियो बूथ दिवस का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। जनपद के सभी 76 नियोजित आरोग्य मेलों का आयोजन किया गया, जिनमें 82 चिकित्सकों एवं 266 पैरामेडिकल कर्मियों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
जनपद में आयोजित पल्स पोलियो बूथ दिवस के अंतर्गत कुल 2,389 बूथों पर अभियान संचालित किया गया। निर्धारित 6,64,224 बच्चों के लक्ष्य के सापेक्ष 3,65,146 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई, जो कुल लक्ष्य का 55 प्रतिशत है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने शेष बच्चों को आगामी घर-घर भ्रमण अभियान के दौरान शत-प्रतिशत आच्छादित करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्वयं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दलसिंगार एवं कुन्दीगढ़ में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों तथा पल्स पोलियो बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा दल एवं अन्य कार्मिक उपस्थित मिले तथा लाभार्थियों को निर्धारित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाती हुई पाई गईं। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को जनसामान्य को गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मेले में कुल 1,654 मरीजों का पंजीकरण किया गया, जिनमें 713 पुरुष, 708 महिलाएं एवं 233 बच्चे शामिल रहे। इस दौरान 57 आयुष्मान गोल्डन कार्ड भी बनाए गए।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान 163 व्यक्तियों की कोविड हेल्प डेस्क पर जांच की गई, जबकि किसी भी व्यक्ति का एंटीजन टेस्ट नहीं कराया गया। विभिन्न बीमारियों से संबंधित मरीजों में 22 लीवर रोगी, 134 श्वसन रोगी, 286 गैस्ट्रो रोगी, 300 मधुमेह रोगी, 177 त्वचा रोगी, 9 टीबी रोगी, 20 एनीमिया रोगी तथा 93 उच्च रक्तचाप के मरीज चिन्हित किए गए। कैंसर का कोई नया मामला दर्ज नहीं हुआ।
मेले में 76 गर्भवती महिलाओं का एएनसी परीक्षण किया गया तथा 75 कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं सेवाएं प्रदान की गईं। अन्य बीमारियों से संबंधित 686 मरीजों का उपचार किया गया, जबकि 93 मरीजों को उच्चतर चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर किया गया।
विशेषज्ञ सेवाओं के अंतर्गत 43 मरीजों को मेडिसिन, 28 को जनरल सर्जरी, 1 को नेत्र रोग, 2 को स्त्री एवं प्रसूति रोग, 1 को ईएनटी तथा 18 मरीजों को अन्य विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला एवं पल्स पोलियो अभियान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों, विशेषकर बच्चों एवं माताओं को उनके निकट गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने सभी स्वास्थ्य इकाइयों को जनहित में उत्कृष्ट एवं संवेदनशील सेवाएं प्रदान करने तथा आगामी घर-घर पोलियो अभियान में शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई