आजमगढ़ 28 जून भदुली–निजामाबाद मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहा

SHARE:

आजमगढ़ 28 जून भदुली–निजामाबाद मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहा

आंदोलन रविवार को प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। समाजसेवी एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अरुण कुमार मिश्रा उर्फ लालू मिश्रा के नेतृत्व में शेरपुर तिराहा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना पांचवें दिन आमरण अनशन में बदल गया था, जिसे रविवार को उपजिलाधिकारी की पहल पर समाप्त कराया गया।

रविवार को उपजिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह और तहसीलदार चमन सिंह राणा धरनास्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता की। बातचीत के दौरान उपजिलाधिकारी ने आंदोलनकारी अरुण कुमार मिश्रा की अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) से दूरभाष पर बात कराई। एडीएम ने भरोसा दिलाया कि भदुली–निजामाबाद मार्ग के निर्माण की सभी आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा कर आगामी दो से तीन माह के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।

प्रशासन की ओर से मिले इस आश्वासन के बाद उपजिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने अरुण कुमार मिश्रा को जूस पिलाकर आमरण अनशन समाप्त कराया। इस दौरान तहसीलदार चमन सिंह राणा, प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

अनशन समाप्त होने के बाद अरुण कुमार मिश्रा ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास और आम जनता की सुविधा के लिए किया गया था। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होता है तो क्षेत्र की जनता से सलाह लेकर आगे की रणनीति बनाई जाएगी और लोकतांत्रिक तरीके से पुनः आंदोलन शुरू किया जाएगा।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन के इस आश्वासन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि वर्षों से लंबित भदुली–निजामाबाद मार्ग का निर्माण अब जल्द धरातल पर दिखाई देगा। लोगों का कहना है कि सड़क बनने से हजारों ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी तथा विद्यार्थियों और व्यापारियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। अब क्षेत्र की निगाहें प्रशासन द्वारा दिए गए दो से तीन माह के आश्वासन पर टिकी हैं।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment