

रोड पर गंदा पानी बना परेशानी का सबब बदबू से दुकानदार परेशान।
देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) विकास खण्ड लालगंज के नन्दापुर गाँव में देवगांव मेहनाजपुर रोड पर कई स्थानों पर सड़क पर जमा पानी अब सड़ने लगा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और आसपास के दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार नालियों को पाट दिए जाने के कारण पानी की निकासी बाधित हो गई है और गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है। कई दिनों से पानी जमा रहने के कारण अब उसमें सड़ांध पैदा हो गई है, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों प्रदीप कुमार, राजू जायसवाल, विनोद कुमार, भोला जायसवाल आदि ने बताया कि बदबू के कारण दुकानों पर बैठना मुश्किल हो गया है और स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बनी हुई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि समस्या का संज्ञान लेते हुए जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए, ताकि सड़क पर जमा गंदे पानी से निजात मिल सके। दुकानदारों का कहना है कि यह समस्या कई महीने से बनी हुई है। इस पर जिम्मेदार अधिकारियों का आवागमन भी होता है लेकिन इस ओर कोई ध्यान क्यों नहीं दे रहा है समझ में आने वाली बात नहीं है। विदित हो कि इससे जहां एक ओर सड़क टूट रही है वहीं व्यापार पूरी तरह प्रभावित होकर रह गया है। दूसरी ओर दुकानदारों का दुकान पर बैठना अब दुश्वार हो चुका है। गनीमत है कि अभी बरसात शुरू नहीं हुई है अन्यथा यहां के लोगों की क्या स्थिति होगी सोचा जा सकता है।





