

मार्टिनगंज में नई ‘रूवर’ मशीन से हुई भूमि की नापी, किसानों के भूमि विवाद होंगे कम एसडीएम
मार्टिनगंज आजमगढ़। तहसील मार्टिनगंज क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर तुंगी में राजस्व विभाग द्वारा सरकार की नई तकनीक ‘रूवर’ मशीन से भूमि की पैमाइश का सफल ट्रायल किया गया। इस दौरान उपजिलाधिकारी अवनीश कुमार ने किसानों को नई तकनीक की जानकारी देते हुए बताया कि अब भूमि की नापी आधुनिक मशीन से की जाएगी, जिससे पैमाइश में पारदर्शिता आएगी और वर्षों से चले आ रहे भूमि विवादों में काफी कमी आएगी।
ट्रायल के दौरान किसान फूलचंद बिंद पुत्र लुरखुर बिंद एवं राजेश रामफेर के खाता संख्या 316 स्थित खेत की चारों दिशाओं से रूवर मशीन के माध्यम से पैमाइश की गई। मशीन में दर्ज भूमि का क्षेत्रफल 0.87 हेक्टेयर पाया गया, जो खतौनी में दर्ज रकबे के अनुरूप था। इससे किसानों में नई तकनीक के प्रति विश्वास बढ़ा।
एसडीएम अवनीश कुमार ने बताया कि पहले भूमि की नापी जरीब से की जाती थी, जिससे कई बार विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। सरकार द्वारा शुरू की गई इस नई तकनीक से अब जरीब की आवश्यकता नहीं होगी और पैमाइश अधिक सटीक एवं पारदर्शी होगी। इससे किसानों के बीच होने वाले भूमि संबंधी विवादों को काफी हद तक समाप्त किया जा सकेगा।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार अरुण कुमार कौल, कानूनगो कैलाश यादव, राजस्व कर्मी बसंतु शिवसरे, लेखपाल चंदन सिंह,लेखपाल कूष्मेद्र सिंह पुष्पेंद्र कुमार सिंह, नितिन कुमार सहित ग्राम प्रधान बिंदुराम बिंद, मोनू जायसवाल, दीपक बिंद, मुन्नीलाल, गोलू जायसवाल, अशोक कुमार तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं किसान उपस्थित रहे।





