बारा और फिरोजपुर के बीच गंगा नदी पर निर्माण के दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम

SHARE:

 

जिला संवाददाता महेशानंद श्रीवास्तव।

गाजीपुर।बारा और फिरोजपुर के बीच गंगा नदी पर स्थायी पुल के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सेतु निगम ने प्रस्तावित पुल के लिए सर्वेक्षण का कार्य पूरा कर लिया है और इसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी है। परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद बजट आवंटित कर निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

इस पुल के बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में, बारा और फिरोजपुर के बीच लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबा पीपा पुल संचालित होता है, जिससे दोनों क्षेत्रों के लोग गंगा नदी पार करते हैं।

हालांकि, बारिश के मौसम में गंगा का जलस्तर बढ़ने पर पीपा पुल हटा दिया जाता है, जिससे दोनों क्षेत्रों का सीधा संपर्क समाप्त हो जाता है। ऐसे में लोगों को 37 किलोमीटर अतिरिक्त चक्कर लगाकर दूसरे मार्ग से आना-जाना पड़ता है। स्थानीय लोग वर्षों से गंगा नदी पर स्थायी पुल निर्माण की मांग कर रहे थे।

जनहित को देखते हुए, सेतु निगम ने जून माह में सर्वेक्षण शुरू किया था। करीब एक महीने तक चले इस सर्वेक्षण में गंगा नदी के दोनों किनारों के दलदली हिस्सों और तकनीकी पहलुओं का विस्तृत अध्ययन किया गया, जिसके आधार पर प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है।

सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक संतोष निरंजन ने बताया कि बारा फिरोजपुर के बीच गंगा नदी पर सेतु निर्माण के लिए सर्वेक्षण पूरा हो चुका है। और प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। शासन से स्वीकृति मिलने पर बजट जारी होने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डी पी आर) के आधार पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment