जौनपुर : बदलापुर में फर्जी अस्पतालों पर प्रशासन का बड़ा प्रहार: एक अस्पताल सील, दूसरे को नोटिस, मचा हड़कंप #AzamgarhNews

SHARE:

जौनपुर (सूत्र)। बदलापुर क्षेत्र में बिना मानकों के संचालित अस्पतालों के खिलाफ प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। मंगलवार को हुई इस छापेमारी में एक अस्पताल को तत्काल सील कर दिया गया, जबकि दूसरे अस्पताल को कमियां मिलने पर नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया। अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में संचालित कई अस्पतालों के संचालकों में अफरा-तफरी मच गई।

संयुक्त टीम का नेतृत्व नोडल अधिकारी डॉ. अरुण कुमार भारतीय और तहसीलदार योगेंद्र पाण्डेय ने किया। सबसे पहले घनश्यामपुर रोड स्थित मानस (अपूर्वा) हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान अस्पताल के संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज, मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं और अधिकृत चिकित्सकीय व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों ने अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। साथ ही अस्पताल संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए बदलापुर थाने को पत्र भी भेजा गया।

 

 

इसके बाद टीम विमला हॉस्पिटल एवं मैटरनिटी सेंटर पहुंची। निरीक्षण के दौरान कई कमियां सामने आने पर अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर निर्धारित समय में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए।

छापेमारी की सूचना मिलते ही क्षेत्र में संचालित अन्य अस्पतालों में भी हलचल मच गई। घनश्यामपुर रोड स्थित एक अन्य अस्पताल पर टीम के पहुंचने से पहले ही वहां का शटर बंद मिला। बताया जा रहा है कि संचालक कार्रवाई की आशंका में मौके से निकल गया।

सूत्रों के अनुसार, प्रशासन की सख्ती के बाद क्षेत्र में बिना मान्यता या अधूरे मानकों पर चल रहे अस्पताल संचालकों में बेचैनी बढ़ गई है। कई लोग कार्रवाई से बचने के लिए अलग-अलग स्तर पर प्रयास करने में जुटे हैं।

इस अभियान में सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरबिंद पाण्डेय, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम मौजूद रही।

प्रशासन की दो टूक चेतावनी

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वाले अवैध अस्पतालों और झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment