जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में सोमवार को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब महिला घर के पास लगे हैंडपंप पर नहा रही थी। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार बहादुरपुर गांव निवासी नगीना देवी (लगभग 35 वर्ष), पत्नी रामवृक्ष, सोमवार को घर के पास स्थित हैंडपंप पर स्नान कर रही थीं। इसी दौरान अचानक बारिश के बीच तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में नगीना देवी आ गईं। बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गईं।परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।बारिश के मौसम में हुई इस दर्दनाक घटना ने गांव में भी शोक का माहौल पैदा कर दिया।





