जौनपुर : राहुल गांधी पर FIR से भड़की कांग्रेस, जौनपुर में सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता; विरोध मार्च निकालकर मुकदमा वापसी की मांग

SHARE:

कलेक्ट्रेट से अंबेडकर प्रतिमा तक गूंजे विरोध के नारे, कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

जौनपुर, 31 अगस्त।
उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से जुड़े कथित मंच ‘शुद्धीकरण’ विवाद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर सोमवार को जौनपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकालकर मुकदमा वापस लेने की मांग उठाई।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा. प्रमोद कुमार सिंह और शहर अध्यक्ष आरिफ खान के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा के पास एकत्र हुए। यहां से मार्च शुरू होकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे को वापस लेने की मांग की।

‘कार्रवाई की मांग पर राहुल पर ही मुकदमा क्यों?’

जिलाध्यक्ष डा. प्रमोद कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी की घटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मंच के कथित शुद्धीकरण का मामला गंभीर है। उनका कहना था कि राहुल गांधी ने इस घटना को लेकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कार्रवाई के बजाय उन्हीं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया।

उन्होंने भाजपा पर दलित विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर अपनी आवाज आगे भी उठाती रहेगी।

मुकदमा वापस लेने की मांग

शहर अध्यक्ष आरिफ खान ने राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे को वापस लेने की मांग की। साथ ही कथित तौर पर मंच के ‘शुद्धीकरण’ में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग भी उठाई।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

विरोध मार्च में डा. राकेश मिश्रा मंगला गुरु, लाल प्रकाश पाल, इरशाद खान राजू, राकेश सिंह डब्बू, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रेखा सिंह, एनएसयूआई अध्यक्ष सृजन सिंह, फैयाज हाशमी, अनिल सोनकर, सभासद शहनवाज मंजूर, कार्तिकेय सिंह, फूलचंद भारतीय, विजेन्द्र कुमार गौतम, मुहम्मद ताहिर, इस्तेखारुल प्रधान, अनुराग सिंह, एंथोनी, संतोष निषाद, तौफीक अहमद, किरन देवी, मुहम्मद अर्शी, साजिद मानू, शानू पठान, सलमान, अमजद, कुलदीप यादव, मनीष यादव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment