जौनपुर : जेल में अचानक पहुंचे डीएम-एसपी, बैरक से अस्पताल और रसोई तक लिया जायजा

SHARE:

बंदियों के स्वास्थ्य, भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर अधिकारियों की पैनी नजर

जौनपुर। जिला कारागार की व्यवस्थाओं को परखने के लिए 31 अगस्त को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों के अचानक पहुंचने से कारागार प्रशासन में सक्रियता बढ़ गई और उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों का भ्रमण करने के साथ ही कारागार अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं की भी पड़ताल की। अस्पताल में भर्ती बंदियों से उनके स्वास्थ्य और चल रहे उपचार के बारे में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने चिकित्सकों एवं कारागार प्रशासन को बंदियों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही न बरतने और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद अधिकारियों का रुख पाकशाला (जेल की रसोई) की ओर हुआ। यहां बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और व्यवस्था को देखा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुसार स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को भी परखा गया। संबंधित अधिकारियों को कमियों में सुधार और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के इस निरीक्षण से साफ है कि जिला कारागार में बंदियों के स्वास्थ्य, भोजन और सुरक्षा जैसी व्यवस्थाओं पर प्रशासन की सीधी नजर बनी हुई है।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment