पतंग उड़ाते समय छत से गिरा 12 वर्षीय किशोर, गंभीर रूप से घायल।
लालगंज (आजमगढ़) देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चकबधवा गांव में रविवार को घर की छत पर पतंग उड़ाते समय 12 वर्षीय किशोर अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। चकबधवा गांव निवासी आशीष विश्वकर्मा का 12 वर्षीय पुत्र अंश रविवार को घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान अचानक अनियंत्रित होकर वह छत से नीचे गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई और सिर में फ्रैक्चर बताया गया। घटना के बाद परिजन घबरा गए और आनन-फानन में घायल अंश को संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जिला पंचायत सदस्य अरविंद कुमार सरोज, गोविन्दा गौतम, सभाजीत यादव, रामाश्रय ऊर्फ पांचू, विधायक बेचई सरोज व विधानसभा अध्यक्ष राजनरायन यादव के साथ टिकरगाढ़ अस्पताल पर मौजूद रहे।



