ठेकमा फीडर में रोस्टिंग के नाम पर बिजली कटौती से सैकड़ों गांवों के लोग परेशान, जिम्मेदार नदारत
विद्युत उपकेंद्र ठेकमा से जुड़े दर्जनों गांवों में इन दिनों रोस्टिंग के नाम पर हो रही भारी बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान हैं। दिन के साथ-साथ रात में भी लगातार बिजली कटौती किए जाने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। उमस भरी भीषण गर्मी में बिजली की आंख-मिचौली से ग्रामीणों में आक्रोश है।ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित घंटों तक बिजली आपूर्ति किए जाने के निर्देश हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर इसका पालन होता नजर नहीं आ रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में मुश्किल से आठ घंटे के आसपास ही बिजली मिल पा रही है। एक घंटे बिजली आने के बाद करीब दो घंटे रोस्टिंग के नाम पर आपूर्ति बंद कर दी जाती है। इसके अलावा ब्रेकडाउन और शटडाउन के नाम पर भी घंटों बिजली काटी जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ रोस्टिंग, दूसरी तरफ ब्रेकडाउन और शटडाउन के कारण बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो गई है। दिन में गर्मी से राहत नहीं मिल रही तो रात में भी बिजली न रहने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। बिजली कटौती के कारण घरेलू कामकाज के साथ-साथ छोटे कारोबार और पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। वहीं बिजली काटने के बाद मच्छरों का भी प्रकोप काफी संख्या में बढ़ जा रहा है और बीमारी को दावत दे रहा है।



